खुटार के गांव महमूदपुर सैंजनियां निवासी दर्शन सिंह अपने पुत्र नक्षत्र सिंह के साथ शनिवार को गांव गंगसरा स्थित बड़ौदा पश्चिमी ग्रामीण बैंक की शाखा में आए थे। यहां दर्शन सिंह ने अपने बैंक खाते से 2.60 लाख रुपये निकाले। उन्होंने 2.50 लाख रुपये बाइक की डिग्गी में और 10 हजार रुपये जेब में रख लिए।
इसके बाद पिता-पुत्र पुवायां में व्यापार मंडल अध्यक्ष केके लील की दुकान पर पहुंचे। यहां रुपये देने के लिए बाइक की डिग्गी खोली तो डिग्गी टूटी थी और उसमें रखी रकम गायब देख पिता-पुत्र के होश उड़ गए। शोर मचाने पर आसपास के तमाम लोग मौके पर जमा हो गए। बाद में दोनों ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस ने उचक्कों की तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चल सका। सूचना पाकर सीओ उमेश शर्मा भी मौके पर पहुंचे और दर्शन सिंह से मामले की जानकारी ली। लोगों का कहना है कि गंगसरा से ही बदमाश किसानों के पीछे लग गए और मौका पाकर डिग्गी तोड़कर रुपये निकाल लिए। कोतवाली प्रभारी एके सिंह ने बताया कि अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रुपये गायब करने की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच कराई जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
पुवायां-खुटार में बेलगाम हुए बदमाश
पुवायां। पुवायां और खुटार क्षेत्र बाइक सवार बदमाशों के निशाने पर हैं। बदमाश लूट और बाइक की डिग्गी आदि से रुपये निकालने की घटनाओं को लगातार अंजाम देकर लोगों की खून पसीने की कमाई लूट रहे हैं, लेकिन पुलिस इन सबसे बेपरवाह बैठी है। क्षेत्र के एक एसओ तो बड़े पुलिस अधिकारी की कृपा बताकर फरियादियों की बात सुनना तक जरूरी नहीं समझते हैं। पुलिस की कार्यशैली के चलते आपराधिक बढ़ती जा रही हैं।
16 अप्रैल को पुवायां निवासी अभिषेक गुप्ता बैंक से साढ़े तीन लाख रुपये निकालने के बाद रकम बाइक की डिग्गी में रखकर मंडी समिति स्थित आढ़त पर जा रहे थे। रास्ते में वह बाइक का पंचर जुड़वाने के लिए रुके। इस दौरान बाइक की डिग्गी तोड़कर रुपये निकाल लिए गए। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की, लेकिन आज तक डिग्गी तोड़ने वालों का पता नहीं लगा सकी है। छह मई को खुटार के गांव महोलिया वीरान निवासी किसान मनोहर सिंह बैंक में रुपये जमा करने गंगसरा आ रहे थे। गोमती पुल के पास बाइक सवार बदमाशों ने उनकी आंखों में धूल झोंककर 1.40 लाख रुपए लूट लिए। इस मामले का भी खुलासा नहीं हो सका है।
22 मई की शाम बाइक सवार बदमाशों ने पुवायां क्षेत्र में आधा दर्जन से अधिक लोगों को लूट लिया था। पुलिस ने लूट की घटनाओं को ही नकार दिया और कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं की। 23 मई को पुवायां में महमूदपुर सैंजनियां के किसान दर्शन सिंह की बाइक की डिग्गी तोड़कर ढाई लाख रुपये निकाल लिए गए। पुलिस की कार्यशैली के चलते लगातार घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। सर्किल के एक एसओ खुद को एक अधिकारी का रिश्तेदार बताते हुए खुलेआम कहते हैं कि अधिकारी के रहते उनका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता है।