क्षेत्र के गांव बेहटी में शुक्रवार सुबह एक युवक ने अपनी पत्नी को लात-घूसों और डंडे से पीटकर मार डाला। घटना के बाद गांववालों ने आरोपी पति को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस उससे घटना के बारे में पूछताछ कर रही है। सीओ सदर अखिलेश भदौरिया ने भी मौके पर जाकर हकीकत जानी। साथ ही कुछ लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने चौकीदार की तहरीर पर गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
गांव बेहटी निवासी नन्हें कोरी बृहस्पतिवार की रात पत्नी ज्योति के साथ एक ही कमरे में सो रहे थे। रात लगभग 12 बजे अचानक उसकी आंख खुली तो देखा कि ज्योति अपने बिस्तर पर नहीं है। वह लगभग आधा घंटा यह सोचकर बैठा रहा कि शौच को गई होगी, आ जाएगी, लेकिन जब वह अधिक समय बीतने के बाद भी नहीं लौटी, तब उसने रात में ही इधर-उधर खेतों में जाकर देखा और पड़ोसियों के दरवाजे खटखटाकर पत्नी के बारे में जानकारी की, लेकिन उसका पता नहीं चला। वह घर पहुंचकर लेट गया। करवटेें बदलते हुए चार बज गए। तभी उसकी पत्नी कमरे में दाखिल हुई। इस पर नन्हें ने पत्नी से पूछा कि इतनी रात को कहां गई थी। जब उसने शौच की बात कही तब विवाद बढ़ गया। वह पति से भिड़ गई। सुबह होने पर लगभग 11 बजे फिर से इसी बात पर दोनों के बीच विवाद हुआ। इस बार नन्हें को गुस्सा आ गया और उसने पहले तो उसकी लात-घूसों से पिटाई की, फिर डंडा उठाकर उसे पीटना शुरू कर दिया। चीख-पुकार सुनकर गांव के लोग इकट्ठे हो गए, लेकिन किसी ने घर के अंदर जाकर बचाने की हिम्मत नहीं की। कुछ देर बाद जब ज्योति की चीख बंद हो गई तब गांव वालों को मौत हो जाने का संदेह हुआ। गांववालों ने अंदर जाकर देखा तो वह मृत पड़ी थीं। नन्हे घर से भागने की तैयारी में था। ग्रामीणों ने उसे पकड़ कर पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस के मौके पर पहुंचने पर नन्हे को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने गांव के चौकीदार रामनरेश की ओर से गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। एएसपी सिटी दिनेश त्रिपाठी ने बताया कि ज्योति और नन्हे की आपस में पटती नहीं थी। इसीलिए मारपीट होती रहती थी। मारपीट के दौरान डंडा कहीं ऐसी जगह लग गया, जिससे उसकी मौत हो गई। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। चौकीदार की तरफ से गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
00
ज्योति से किया था प्रेम विवाह
बलिया निवासी 23 वर्षीय ज्योति जाटव से नन्हे की मुलाकात हरियाणा में हुई थी। ज्योति के पिता भी हरियाणा में काम करते थे और नन्हे भी। दोनों के बीच संबंध गहरे हुए तो नन्हे उससे विवाह कर उसे गांव ले आया था। यहां आकर वह जीवनयापन के लिए शहर में रिक्शा चलाने लगा। रात होने पर वह गांव चला जाता था।
0
गांव के एक युवक से हो गए थे संबंध
नन्हे ने बताया कि उसकी पत्नी के संबंध गांव के एक युवक से थे। उसने इस बात को पत्नी से मना किया था कि वह उससे संबंध न रखे, लेकिन वह नहीं मानी। इसी बात को लेकर झगड़ा होने पर 15 दिन पहले नन्हे थाने भी गया था, लेकिन पुलिस ने उसे समझाकर लौटा दिया था।
00
माता-पिता ने कर लिया किनारा
ज्योति की मौत की खबर जब बलिया निवासी उसके पिता जगदीप को दी गई, तो उन्होंने यहां गांव आने इंकार कर दिया। उनका कहना था कि उन्होंने अपनी बेटी से उसी दिन संबंध समाप्त कर लिए थे, जिस दिन वह नन्हे के साथ चली गई थी।