शहर के मोहल्ला कटिया टोला में बृहस्पतिवार को दोपहर रोड के किनारे खड़ा पाकड़ का एक पुराना पेड़ अचानक गिर पड़ा। पेड़ की चपेट में आकर पड़ोस के एक मकान का छज्जा ढह गया, जिससे बिजली की एलटी लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। लाइन में खराबी से आसपास के करीब चार सौ घरों की बिजली सप्लाई ठप हो गई। गनीमत यह रही कि राहगीर पेड़ की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए।
शहर में ट्रैफिक के लिहाज से निशात तिराहे को बहादुरगंज पचराहा से जोड़ने वाला मार्ग बेहद महत्वपूर्ण है। इसी रोड पर सपा विधायक राजेश यादव के मकान के पास मार्ग के दूसरी ओर फुटपाथ के किनारे पाकड़ का पुराना हरा-भरा पेड़ खड़ा था। दोपहर करीब ढाई बजे मार्ग पर रोजाना की तरह आवागमन हो रहा था कि इसी दौरान अचानक पाकड़ का पेड़ रोड साइड पर गिर पड़ा।
सड़क के दूसरी ओर राजेंद्र दीक्षित के मकान का छज्जा तोड़ते हुए पाकड़ एलटी लाइन पर गिरी तो बिजली के तार छिन्न-भिन्न हो गए। गनीमत रही कि पेड़ एलटी लाइन के दो तारों के सहारे हवा में टिक गया और पूरी तरह रोड पर नहीं आया, वरना उसके नीचे राहगीरों का दबना तय था।
पॉवर कारपोरेशन के एक्सईएन सिटी विवेक पटेल ने बताया कि पेड़ की डालें काटने का काम नगरपालिका परिषद ने शाम को शुरू कराया। उन्होंने बताया कि पेड़ की डालें हटाए जाने के बाद क्षतिग्रस्त लाइन ठीक करा दी जाएगी।