नगर के मोहल्ला परशुराम नगर स्थित हनुमान मंदिर में शरारती तत्वों ने शनिवार दोपहर देव प्रतिमाएं क्षतिग्रस्त कर दीं। मोहल्ले के तमाम लोगों ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
शनिवार सुबह मोहल्ले के लोग मंदिर में पूजा करके घर चले गए। जब दोपहर में एक महिला पूजा करने पहुंची तो तीन प्रतिमाएं क्षतिग्रस्त देख उसने लोगों को जानकारी दी। इसके बाद लोगों की मंदिर पर भारी भीड़ लग गई। बुजुर्गों ने लोगों से शांत रहने की अपील करते हुए पुलिस को जानकारी दी। सूचना मिलने पर कोतवाली प्रभारी अशोक पाल सिंह भी मौके पर पहुंचे और लोगों ने मामले की जानकारी ली। माना जा रहा है कि किसी नशेड़ी ने देव प्रतिमाओं को क्षतिग्रस्त किया है। मोहल्ले के एक व्यक्ति ने बताया कि दोपहर में तीन युवक हथौड़ा मांग रहे थे। युवक मोहल्ले के रहने वाले नहीं थे। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि तहरीर मिली है, कार्रवाई की जा रही है। मोहल्ले में माहौल पूरी तरह से शांत है।