हल्का लेखपाल द्वारा फसल पूरी तरह चौपट होने के बाद भी सर्वे न करने पर शिवदासपुर के दर्जनों ग्रामीणों ने गेहूं की बालियों के साथ नारेबाजी करते हुए तहसील परिसर में प्रदर्शन किया तथा हल्का लेखपाल के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और तत्काल सर्वे कराकर मुआवजा दिलाने की गुहार की। एडीएम मनेंद्रनाथ उपाध्याय, एसडीएम पदम सिंह ने किसानों को समझा बुझा कर शांत किया और शीघ्र उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस दौरान नौबत सिंह, अभिलाष सिंह, आशाराम, पान सिंह, जयकरन सिंह, राजेंश्वर सिंह, सुदेश कुमार, सन्नो देवी, मुनीम सिंह, सिपट्टर सिंह, धर्मपाल, श्रीकृष्ण आदि मौजूद रहे।
पुवायां। खुटार के गांव कजरा और त्रिलोकपुर के किसानों ने मंगलवार को तहसील दिवस में प्रदर्शन कर एसडीएम को ज्ञापन दिया। ज्ञापन में बारिश से खराब फसलों का फर्जी सर्वे करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की गई है।
कजरा निवासी मक्खन सिंह, गुरमेल सिंह, हरप्रीत सिंह, नवजोत सिंह सहित तमाम किसान मंगलवार को तहसील पहुंचे और लेखपाल के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। किसानों ने एसडीएम को बताया कि लेखपाल ने घर बैठकर मनमाने तरीके से बारिश से खराब फसल का सर्वे चढ़ा दिया है। इससे जिन किसानों की फसल वास्तव में खराब हुई है, उनको कोई लाभ नहीं मिल पा रहा है। किसानों ने दोबारा सर्वे कराए जाने और फसल खराब होने पर सहायता दिलाए जाने की मांग की। एसडीएम ने किसानों से कहा कि जिनकी फसल खराब हुई है। उन्हें मुआवजा मिलेगा। आरोपों की जांच भी कराई जाएगी।