मंगलवार रात पति से हुई कहासुनी के बाद पत्नी ने घर में रखा मिट्टी का तेल छिड़ककर आग लगा ली। जैसे-तैसे आग बुझाकर घरवाले विवाहिता को लेकर सीएचसी पहुंचे, लेकिन गंभीर हालत के चलते उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां देर रात उसकी की मौत हो गई। घटना की जानकारी मृतका के मायके वालों को भी दे दी गई है।
गांव नूरपुर करही के रामू की शादी करीब दो साल पहले हरदोई के थाना शाहाबाद के गांव लोनी निवासी राखी के साथ हुई थी। उक्त दोनों के करीब एक साल का बेटा भी है। बताते हैं कि खाना आदि निपट जाने के बाद पति-पत्नी के बीच कुछ कहासुनी हो गई। इसके बाद पति तथा घर के अन्य लोग सोने चले गए। रात करीब दस बजे राखी ने घर में रखा मिट्टी का तेल अपने ऊपर डालकर आग लगा ली। आग की लपटों से राखी को घिरा देख घरवाले घबरा गए और जैसे तैसे उसे बुझाने के बाद जलालाबाद स्थित अस्पताल लेकर आए, जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देख जिला अस्पताल भेज दिया। फिलहाल इस मामले में अभी कोई लिखा पढ़ी नहीं हुई है।