थाना अल्हागंज क्षेत्र के रघुनाथपुर में शनिवार की शाम गन्ने से लदी ट्रॉली का हुक टूटने से गन्ने की चपेट में आकर चालक रामकिशोर की मौत हो गई।
क्षेत्र के गांव साहबगंज में रहने वाले वेदराम का 30 वर्षीय बेटा रामकिशोर शनिवार की शाम गांव से ट्रैक्टर-ट्रॉली में गन्ना लादकर रूपापुर गन्ना मिल (हरदोई) जा रहे थे। हरदोई रोड पर गांव रघुनाथपुर के पास अचानक ट्रैक्टर-ट्रॉली का हुक टूट गया। ट्रॉली में लदा सारा गन्ना रामकिशोर के ऊपर गिर गया। जब तक ग्रामीणों ने गन्ना हटाकर रामकिशोर को निकला, तब तक उसकी मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने रामकिशोर के परिवार वालों को सूचना देकर घटनास्थल पर बुला लिया। रविवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिवार वालों को सौंप दिया।
इकलौत की मौत से मचा कोहराम
रामकिशोर वेदराम का इकलौता बेटा था। वेदराम शनिवार को बेटे संग गन्ना लेकर जाना चाहते थे, लेकिन रामकिशोर ने उन्हें मना कर दिया था। बेटे की मौत से वेदराम का बुरा हाल है। रामकिशोर की पत्नी मूलवती अपने पांच बच्चों को सीने से लगाकर रो रही है।