पंजाब से जोरहाट टाउन जा रही चलती मालगाड़ी के कई वैगनों की सील तोड़कर चोर सैकड़ों बोरा गेहूं चुराकर ले गए। इतना ही नहीं मौके पर पहुंची आरपीएफ की टीम पर बदमाशों ने जमकर फायरिंग भी की, जिस कारण करीब 25 बोरा गेहूं मौके से बरामद हो गया।
पंजाब के नाभा रेलवे स्टेशन से बांग्लादेश की सीमा पर बसे जोरहाट टाउन के लिए एक रैक (42 डिब्बे) गेहूं भेजा गया था। रोजा के रेलकर्मी रामपाल ने अधिकारियों को बताया कि शनिवार को रोजा साइडिंग से रैक प्लेस करते समय पूर्व केबिन से आगे कुछ बोरों को पड़ा देखा गया था। इसकी सूचना अपने सीवाईएम को दी थी।
इस पर आरपीएफ के जवान मौके पर गए तो बोरों को उठा रहे बदमाशों ने जवानों पर फायरिंग कर दी। जवानों ने किसी तरह अपनी जान बचाई और मौके से भाग निकले। बाद में स्थानीय पुलिस के सहयोग से मौके से 25 बोरे गेहूं बरामद कर लिए गए। इस मामले में आरपीएफ के अधिकारी कुछ भी कहने से कतरा रहे हैं, लेकिन फायरिंग की घटना से इंकार नहीं कर रहे। घटना की पुष्टि रेलवे के शंटिग स्टाफ ने भी की है और अपने पूल प्रभारियों को अवगत भी कराया है।