बंडा में छह पशु तस्कर गिरफ्तार, पांच फरार
एक सप्ताह पूर्व हुई गोवध की घटना का भी हुआ खुलासा
अमर उजाला ब्यूरो
बंडा। पुलिस ने रविवार सुबह गांव भांभी में नहर पटरी के पास से दो गोवंशीय पशुओं के साथ छह लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि पांच लोग पुलिस को चकमा देकर भाग निकले। पुलिस ने 11 अभियुक्तों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पकड़े गए छह अभियुक्तों को जेल भेज दिया है।
दरोगा योगेंद्र बहादुर सिंह, मोहम्मद आरिफ, सिपाही रामकिशुन, शिवकुमार, जयचंद वर्मा हरिपाल के साथ गाड़ी से शनिवार रात गश्त पर थे। सूचना मिली कि गांव कर्रखेड़ा निवासी मोरपाल गांव के ही अन्य लोगों के साथ गोवंशीय पशुओं को मारते हुए ले जा रहे हैं। यह लोग इन पशुओं को गांव मझगई निवासी जमील को सौंप देते हैं। पुलिस ने इसके बाद घेराबंदी करने के बाद गांव भांभी के पास नहर पटरी पर छापामारी करते हुए गांव कर्रखेड़ा निवासी मोरपाल, अनिल कुमार, सत्यदेव, संजय कुमार और ऋषिपाल को पकड़ लिया। पूछताछ में इन्होंने बताया कि वह पास में ही मौजूद जमील को गाय देने जा रहे हैं। पुलिस ने थोड़ी दूर पर ही दूसरे स्थान पर फिर छापामारी की। छह लोग भाग खड़े हुए पुलिस ने दौड़ाकर एक व्यक्ति को पकड़ लिया गया, जबकि पांच लोग पुलिस को चकमा देकर भागने में सफल रहे। पूछताछ में पकड़े गए युवक ने अपना नाम जाकिर निवासी मझगईं थाना बंडा बताया। उसने फरार होने वालों में गांव का ही जमील, निगोही के गांव धुल्लिया निवासी अमीर बाबू, गांव तालगांव निवासी सलीम, जमनी हाफिज और जुबेर बताया। पुलिस ने इनके पास से दो छुरी, एक कुल्हाड़ी, एक लकड़ी का टुकड़ा आदि सामान बरामद किया। पकड़े गए सभी अभियुक्तों को थाना बंडा लाने के बाद पूछताछ में 28 अक्तूबर को हुई गोवध की एक घटना में भी उक्त अभियुक्तों ने अपना हाथ होना स्वीकार किया है।