खुटार (शाहजहांपुर)। पति के साथ मायके जा रही एक महिला ने अपने साथ लूट का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। आरोप है कि 65 हजार रुपये के जेवर लूटे जाने के बाद भी पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
पीलीभीत के थाना माधौटांडा के गांव बांसखेड़ा निवासी अजय कुमार अपनी पत्नी अंजली देवी के साथ शुक्रवार दोपहर बाद बाइक से भैया दूज के त्योहार पर अंजली के मायके खुटार के गांव प्रीतमपुर आ रहे थे। नवदिया मोड़ के पास एक बाइक से आए तीन लोगों ने उन्हें रोक लिया और तमंचा तान कर शोर नहीं मचाने की हिदायत देते हुए एक हजार रुपये, सोने की झुमकी, पेंडल, पायल आदि जेवर लूट लिए। इसके बाद आरोपी धमकी देते हुए भाग निकले।
बदमाशों के जाने के बाद अजय ने मामले की सूचना पुलिस को दी तो पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी लेने के बाद तीन संदिग्धों को थाने भी ले आई। रात साढ़े सात बजे तक दंपति थाने में ही मौजूद थे, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई थी। दंपति का आरोप है कि पुलिस उनसे तहरीर बदलने को कह रही है। उधर थाना प्रभारी राहुल सिंह ने बताया कि मामला दोनों पक्षों के बीच मारपीट का है। दोनों पक्षों का मेडिकल कराया जा रहा है। लूट का आरोप पूरी तरह से झूठा और बेबुनियाद है। दोनों की तहरीर मिल गई है, कार्रवाई की जाएगी।