दिल्ली से घर आ रहे एक युवक को जहर खुरानी गिरोह ने शिकार बना लिया। उसे बेहोश करने के बाद आठ हजार रुपये और कपड़े गायब कर दिए गए। बस चालक उसे खुटार थाने के सामने उतार कर खिसक गया।
गांव राठ निवासी रामपाल दिल्ली में एक फैक्ट्री में काम करता है। दीपावली का त्योहार मनाने के लिए वह मंगलवार को दिल्ली से रोडवेज की बस से घर आ रहा था। बरेली के पास किसी ने उसे कुछ सुंघा दिया जिससे रामपाल बेहोश हो गया। सुबह होश आने पर वह खुटार में थाने के सामने पड़ा हुआ था। रामपाल ने बताया कि उसके पास आठ हजार रुपये और कपड़े थे गायब हैं।
रामपाल ने बताया कि दीपावली पर बच्चों के कपड़े आदि बनवाने थे और स्कूल की फीस जमा करनी थी, लेकिन जहर खुरान गिरोह के लोगों ने उसके सारे रुपये गायब कर दिए। लोगों ने रामपाल के घर सूचना दी तो परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और उसे इलाज के लिए साथ ले गए। थाना प्रभारी राहुल सिंह ने बताया कि इस संबंध में पुलिस को कोई सूचना नहीं दी गई है।