बदमाशों और ग्रामीणों में फायरिंग
तीन दिन से गांव के आसपास बदमाशों की सुनाई दे रही आहट
सूचना के बाद भी पुलिस मामले को लेकर गंभीर नहीं
अमर उजाला ब्यूरो
रोजा। क्षेत्र के गांव जहांनपुर में बदमाशों और ग्रामीणों के बीच फायरिंग हो गई। ग्रामीणों की ओर कई राउंड फायर किए जाने से बदमाश मौके से भाग गए। इसके बाद गांव वालों की रात जागकर कटी।
जहांनपुर के ग्रामीणों ने बताया कि बुधवार रात लगभग 12 बजे बदमाशों की आहट सुनाई दी तो उन्हें टोका गया। इस पर बदमाशों की ओर से एक फायर कर दिया गया। इससे गांव के लोग सतर्क हो गए और बदमाशों से सामना करने के लिए फायरिंग करनी शुरू कर दी। एक साथ कई राउंड फायर की आवाज सुनकर बदमाशों के हौसले पस्त हो गए और उन्हें पीछे हटना पड़ा। ग्रामीणों ने बताया कि तीन दिन पहले भी बदमाशों की आहट हुई थी। इसको लेकर ग्रामीणों ने काफी शोर शराबा किया था। तब भी बदमाश भाग गए थे। ग्रामीणों ने बताया कि पुलिस को सूचना दी गई लेकिन पुलिस इसके बाद भी गांव नहीं पहुंची। इससे बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। गांव के लोगों का कहना है कि वह लोग बदमाशों की आहट की वजह से दहशत में हैं। थानाध्यक्ष जसवीर सिंह ने बताया कि उन्हें इस तरह की कोई सूचना नहीं है, यदि मामला जानकारी में आए तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।