शिक्षामित्र से लूट करने वाले दो लुटेरे गिरफ्तार
नकदी, तमंचा, मोबाइल आदि सामान बरामद
फोटो-18
शाहजहांपुर/बंडा।
बंडा में शिक्षामित्र संजीव यादव से नौ अप्रैल को हुई लूट की घटना का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक साथी भाग गया। पकड़े गए लोगों के पास से पुलिस ने छह सौ रुपये की नकदी, मोबाइल, एटीएम, पैन कार्ड, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, तमंचा, कारतूस बरामद किए हैं।
एएसपी ग्रामीण सुभाष चंद्र शाक्य ने एसपी कार्यालय स्थित सभागार में प्रेस कांफ्रेंस में जानकारी देते हुए बताया कि घटना के खुलासे के लिए सीओ पुवायां के निर्देश में बंडा थानाध्यक्ष तेजपाल सिंह के नेतृत्व में टीम गठित कर लुटेरों का पता लगाने के निर्देश दिए गए थे। सुरागरसी में लगी टीम ने सोमवार सुबह बंडा से मकसूदापुर रोड पर नहर के पास दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उनका एक साथी भाग गया। पकड़े गए लोगों में से एक ने अपना नाम जसवंत उर्फ जस्सा निवासी मकसूदापुर व दूसरे ने अपना नाम युद्धवीर सिंह निवासी भांभी और फरार साथी का नाम हरपाल सिंह उर्फ हैपी निवासी भांभी बताया। तलाशी लेने पर दोनों के पास से पुलिस ने एक मोबाइल, तीन एटीएम कार्ड, पैन कार्ड, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, एक तमंचा 315 बोर व दो कारतूस और छह सौ रुपये नगद बरामद किए। पकड़े गए लुटेरों ने फरार साथी के साथ मिलकर नौ अप्रैल को गांव सैदापुर निवासी शिक्षामित्र संजीव यादव के पास से गांव से आधा किमी पहले बाइक सवार तीन लोगों ने रोककर तमंचे के बल पर पांच हजार की नकदी, दो मोबाइल, एटीएम कार्ड, सहित तमाम कागजात लूट लिए और भाग निकले थे। संजीव की ओर से 10 अप्रैल को अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। पुलिस फरार लुटेरे की तलाश कर रही है।