खेल का टीचर निकला इनामी वाहन चोर
एक और चोर गिरफ्तार, चोरी की गई चार बाइकें बरामद, दोनों के पास से चाकू भी मिले
पुवायां-निगोही लिंक मार्ग पर पुलिया के पास दबोचे गए दोनों
अमर उजाला ब्यूरो
शाहजहांपुर। क्राइम ब्रांच व सदर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने सोमवार रात 8:30 निगोही रोड पर पुलिया के पास वाहन चेकिंग के दौरान पांच हजार के इनामी बदमाश सहित दो वाहन चोरों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए चोरों के पास से चोरी की गई चार बाइकें और तलाशी के दौरान दोनों के पास से एक-एक चाकू बरामद हुआ है। पकड़ा गया पांच हजार का इनामी जितेंद्र वर्मा कलान के वाराहकलां स्थित एक स्कूल में स्पोर्ट्स टीचर है। जितेंद्र का नाम शहर के मोहल्ला अकब मस्जिद कांच निवासी नीतू के पास से 21 जनवरी 2017 को स्कूटी लूटने की घटना में प्रकाश में आने के बाद से चौक कोतवाली पुलिस को भी उसकी तलाश थी। जितेंद्र की गिरफ्तारी के बाद चौक कोतवाली पुलिस ने उसे रिमांड पर लिया है।
प्रेस कांफ्रेंस में एएसपी सिटी दिनेश त्रिपाठी ने बताया कि क्राइम ब्रांच प्रभारी हरीश राजपूत और थाना सदर बाजार कोतवाली के एसएसआई रामनरेश यादव को सूचना मिली कि पुवायां से निगोही रोड को जोड़ने वाले लिंक मार्ग से चोरी की बाइक के साथ दो लोग बाइक बेचने के लिए जा रहे हैं। सूचना के आधार पर दोनों को लिंक मार्ग पर पुलिया के पास चेकिंग के दौरान पकड़ लिया गया। गिरफ्तार किए गए लोगों में से चौक कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला बाला तिराही निवासी जितेंद्र वर्मा व मोहल्ला वर्कजई निवासी आकाश शामिल हैं। दोनों की तलाशी ली गई तो उनके पास से एक-एक चाकू भी बरामद हुआ। जिस बाइक से जा रहे थे वह बाइक भी चोरी की निकली। निशानदेही पर तीन और बाइकें बरामद हुईं। पकड़े गए जितेंद्र पर पांच हजार रुपये का इनाम भी घोषित था। प्रेस कांफ्रेंस में सीओ सिटी सुमित शुक्ला भी मौजूद रहे।
-------------
आकाश ने रिश्ते के चाचा की कर दी थी हत्या
बाइक चोरी के मामले में सदर पुलिस की गिरफ्त में आए हाईस्कूल पास आकाश के खिलाफ सदर बाजार कोतवाली में सात और इतने ही मामले चौक कोतवाली में भी दर्ज हैं। इनमें ज्यादातर मामले लूट के हैं। सदर इंस्पेक्टर डीसी शर्मा ने बताया कि आकाश पर आरोप है कि उसने वर्ष 2016 में लखीमपुर निवासी रिश्ते के चाचा लालता गुप्ता की घरेलू विवाद में गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसका मुकदमा भी लखीमपुर खीरी में दर्ज हैं। हत्या का एक मुकदमा वर्ष 2015 में चौक कोतवाली में भी दर्ज है।