फोटो-33-पोस्टमार्टम हाउस पर गुमसुम खड़े मृतक प्रभाकर के परिजन
फोटो-तीन दोस्तों के साथ सबसे पीछे खड़े मृतक प्रभाकर का फाइल फोटो
कंपाउंडर की संदिग्ध हालात में मौत, हत्या की आशंका
सड़क किनारे गड्ढे में पड़ी थी लाश, सड़क किनारे मिली बाइक
सिर में पीछे चोट लगने की वजह से मौत की पीएम रिपोर्ट में पुष्टि
अमर उजाला ब्यूरो
शाहजहांपुर/रोजा। बृहस्पतिवार रात घर से निकले कंपाउंडर की शुक्रवार सुबह तिउलक और बसुलिया गांव के बीच शुक्रवार सुबह सड़क किनारे गड्ढे में लाश मिली। बाइक सड़क किनारे पड़ी मिली। पुलिस घटना को प्रथम दृष्टतया दुर्घटना मान रही है। वहीं परिजन हत्या की आशंका जाहिर कर रहे हैं। पीएम रिपोर्ट में कंपाउंडर की मौत सिर में पीछे बायीं तरफ चोट लगने से बताई गई है। थाना सिंधौली क्षेत्र के गांव रधौली निवासी 25 वर्षीय प्रभाकर जाटव थाना रामचंद्र मिशन क्षेत्र में एक प्राइवेट नर्सिंग होम में बतौर कंपाउंडर काम करता था। बृहस्पतिवार रात करीब 8:45 बजे खाना खाने के बाद बाइक लेकर घर से बिना बताए निकल गया। शुक्रवार सुबह गांव से लगभग पांच किलोमीटर दूर तिउलक और बसुलिया गांव के बीच सड़क किनारे गड्ढे में उसका शव पड़ा मिला। ग्रामीणों की सूचना पर रोजा पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक की जेब से तलाशी लेकर उसके मोबाइल से कॉल करके परिजनों को सूचना दी। जानकारी मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए। मृतक के सिर में पीछे और चेहरे पर चोट के निशान थे, बाइक सड़क किनारे पड़ी थी और युवक का शव सड़क के नीचे गड्ढे में दूर पड़ा था। सिर में पीछे की तरफ चोट का निशान मिलने की वजह से मृतक के चचेरे चाचा सुरेंद्र पाल और मौसा तोताराम निवासी गांव काशीपुर थाना पसगवां लखीमपुर खीरी ने हत्या की आशंका जाहिर की हैं। हालांकि इन लोगों ने किसी से भी दुश्मनी से इंकार किया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया। पीएम रिपोर्ट में प्रभाकर की मौत सिर में पीछे बायीं तरफ चोट लगने की वजह से बताई गई है।
------
मां की बचपन में और पिता की एक साल पहले हो चुकी है मृत्यु
हादसे में मृत हुए प्रभाकर की मां मुन्नी देवी की लगभग 15 वर्ष पहले मौत हो गई थी, जबकि पिता बाबूराम की एक वर्ष पहले बीमारी से मौत हो गई। तीन बहनों में मंजू की शादी लोधीपुर रोजा में बबलू के साथ और सोनू की शादी पिहानी हरदोई के कमलेश से हो चुकी है। 18 वर्षीय बहन लक्ष्मी अभी अविवाहित है। प्रभाकर तीन बहनों में इकलौता भाई था।
-----
शादी के लिए रिश्ता हो चुका था पक्का
प्रभाकर की शादी सरही गांव में एक लड़की के साथ तय हो गई है। रिश्ता पक्का हो जाने के बाद शादी की तारीख अभी निश्चित नहीं हुई थी। इस घटना के बाद से लड़की पक्ष के लोगों को आघात पहुंचा है।
------
प्रथम दृष्टतया मामला एक्सीडेंट का लग रहा है, फिर भी यदि इस मामले में कोई तहरीर मिलती है तो मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
डीसी शर्मा, इंस्पेक्टर, रोजा