फौजी की पत्नी के बैग से साढ़े चार लाख के जेवर गायब
ई-रिक्शा पर सफर के दौरान घूमंतू जाति के लोगों ने किया हाथ साफ
तीन लोगों को पकड़कर पुलिस को सौंपा, तीन हो गए फरार, तलाश शुरू
अमर उजाला ब्यूरो
शाहजहांपुर।
ई-रिक्शा से चिनौर के पास स्थित आवास पर जा रहे फौजी की पत्नी के बैग से बृहस्पतिवार सुबह घुमंतू जाति के लोगों ने साढ़े चार लाख रुपये कीमत के जेवर निकाल लिए। शक होने पर तीन लोगों को पकड़ लिया गया, जबकि तीन लोग भाग गए। पुलिस पकड़े गए लोगों से पूछताछ कर रही है।
पंजाब प्रांत के जिला संगरूर के थाना झांझली क्षेत्र के गांव नगला निवासी जगसीर सिंह फौज में हैं। इन दिनों उनकी तैनाती यहां जिले में है। वह बृहस्पतिवार सुबह पंजाब शाहजहांपुर के लिए पत्नी गुरदीप कौर के साथ आए। ट्रेन से उतरने के बाद सुबह 9:30 ई-रिक्शा पर बैठकर चिनौर की ओर स्थित अपने आवास पर जाने के लिए निकले थे। ई-रिक्शा में घुमंतू जाति के कुछ और लोग भी सवार हो गए। मौका पाकर उन लोगों ने फौजी के बैग से साढ़े चार लाख रुपये कीमत की ज्वैलरी पर हाथ साफ कर दिया। चिनौर के नजदीक पहुंचते ही फौजी की पत्नी की नजर बैग पर गई तो हल्की चेन खुली देख उसे शक हो गया। उसने जैसे ही बैग खंगालकर देखा तो उसमें से जेवर गायब था। इसी बीच मौका पाकर एक महिला और एक पुरूष व उनके साथ एक 12 साल की बच्ची भाग गई, जबकि मौके पर एक महिला, एक पुरुष व 12 साल की बच्ची को पकड़ लिया गया। भीड़ में मौजूद लोगों ने जेवर चोरी में पकड़े गए युवक की जमकर धुनाई लगाई। सूचना पर पुलिस पकड़े गए लोगों को सदर थाने ले आई। तीनों से अलग-अलग पूछताछ की गई तो उन लोगों ने अलग-अलग नाम व अलग पते बताए। इस पर पुलिस को और शक हो गया। पुलिस अभी पकड़े गए लोगों से गहराई से पूछताछ करने के साथ ही उनके फरार साथियों की भी तलाश कर रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पकड़े गए लोगों के जरिये बड़े गैंग का खुलासा हो सकता है।
00000
फौजी की बैग से पत्नी के जेवर गायब करने के मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। अभी पूछताछ चल रही है। उम्मीद है बड़े गैंग का पर्दाफाश होगा। पकड़े गए लोगों के फरार साथियों की तलाश की जा रही है। - डीसी शर्मा, इंस्पेक्टर सदर बाजार कोतवाली