पुवायां (शाहजहांपुर)।
पूर्व में दिए गए ज्ञापन पर कार्रवाई नहीं किए जाने और प्रधान पर जानलेवा हमला करने के आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से आक्रोशित प्रधानों ने बृहस्पतिवार को कोतवाली में धरना प्रदर्शन कर नारेबाजी की।
प्रधानों ने उस दिन पूर्व एसडीएम अजय कुमार तिवारी को ज्ञापन देकर कहमारा के प्रधान दिनेश तिवारी पर दर्ज रिपोर्ट में एफआर लगाए जाने, गांव जेंबा के जगदीश पर दर्ज खनन की रिपोर्ट में कार्रवाई किए जाने, प्रधानों को गांवसभा में निर्माण कार्य के लिए बालू खनन का लिखित आदेश देने सहित कई मांगे की गई थीं। ज्ञापन पर कार्रवाई नहीं की गई। इसके अलावा छह जून को गांव उदना में चकरोड की पैमाइश के दौरान प्रधान हरीराम पर हमलाकर घायल कर दिया गया था। हरीराम की ओर से आलोक, सालोक और राजेश के खिलाफ धारा 307 के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। इस मामले में अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई थी।
ज्ञापन पर कार्रवाई नहीं किए जाने और प्रधान हरीराम पर हमला करने वालों की गिरफ्तारी नहीं होने से आक्रोशित तमाम प्रधान बृहस्पतिवार को कोतवाली में नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठ गए। कोतवाली प्रभारी से वार्ता के बाद कार्रवाई का आश्वासन मिलने पर प्रधानों ने धरना समाप्त कर दिया। धरना-प्रदर्शन के दौरान हरीराम, पारुल गुप्ता, अनिल गुप्ता, प्रेमचंद्र, सुरेंद्र सिंह, राजेंद्र, संजीव मिश्रा, कुलविंदर सिंह, लक्ष्मी देवी, अरविंद कुमार, विनोद कुमार, समर सिंह, राजरानी, राधेश्याम, कलावती, सीमा देवी, किरन, आदित्य कुमार, शशांक मिश्रा, रामनरेश बाजपेयी सहित तमाम प्रधान मौजूद रहे।