कुशीनगर। तरयासुजान थानाक्षेत्र के एक गांव में ननिहाल आए पांच बर्षीय बालक से दुकानदार युवक ने बिस्कुट खिलाने के बहाने बुलाकर अप्राकृतिक दुष्कर्म किया। घटना मंगलवार की बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी दुकानदार पर मुकदमा दर्ज करते हुए गिरफ्तार कर लिया है।
चर्चा है कि पांच वर्षीय बालक शाम को पड़ोसी दीपक की दुकान पर टॉफी खरीदने गया था। दुकानदार दीपक बच्चे को बिस्कुट देने का प्रलोभन देकर दुकान में ले गया और उसके साथ अप्राकृतिक दुष्कर्म किया। बच्चे की हालत बिगड़ गई तो वह उसे उठाकर दुकान से कुछ दूरी पर रखकर गायब हो गया। बच्चे को खोजते हुए परिवारीजन गए तो उसकी दशा देकर हतप्रभ रह गए। बच्चे का इलाज कराने के बाद परिवारीजनों ने तरयासुजान पुलिस को तहरीर सौंपी। इस मामले में आरोपी पर कठोर कार्रवाई की मांग को लेकर महिलाओं ने थाने पहुंचकर हंगामा किया। एसओ सत्येंद्र कुंवर के अनुसार इस मामले में आरोपी दुकानदार पर मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अभिरक्षा में बच्चे का इलाज व मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है।