जलालाबाद। कोतवाली क्षेत्र के फर्रुखाबाद रोड पर गांव गुनारा के सामने स्थित सौंफ गोदाम का ताला तोड़कर चोर 50 बोरा सौंफ चुरा ले गए। चौकीदार को घटना की जानकारी सुबह हुई। चोरी गई सौंफ की कीमत छह लाख रुपये बताई जा रही है। सोमवार को नगर के तमाम व्यापारी चेयरमैन मनेंद्र गुप्ता के साथ कोतवाली पहुंचे और लगातार हो रही चोरियों पर अंकुश न लग पाने पर नाराजगी जताई। पुलिस ने मौके पर जांच पड़ताल कर चोरी का जल्द खुलासा कर देने का आश्वासन दिया है।
नगर के मोहल्ला नौसारा निवासी राजेश गुप्ता ने पुलिस को बताया कि उसके गोदाम में तैयार रखी 50 बोरा सौंफ जिसकी कीमत करीब छह लाख रुपये है चोर गोदाम का ताला तोड़कर चोरी कर ले गए। राजेश का यह भी आरोप था कि दो महीने पहले उसकी इसी गोदाम से सौंफ चोरी हो जाने पर उसने पुलिस से शिकायत की थी परंतु कोई कार्रवाई नहीं हुई। यहां बताते चले कि फरवरी माह के शुरुआत में इसी गोदाम के पास स्थित किशन भारद्वाज के गोदाम का ताला तोड़कर चोर सौंफ के 15 बोरे चोरी कर ले गए थे। लगातार चोरी की घटनाओं को लेकर नाराज तमाम व्यापारी सोमवार को कोतवाली पहुंचे और पुलिस को तहरीर दी। कोतवाल हरेंद्र सिंह ने बताया कि जांच पड़ताल के साथ ही घटना के शीघ्र खुलासे के लिए कार्रवाई शुरू कर दी गई है।