शाहजहांपुर। शहर के मोहल्ला कृष्णानगर कालोनी में डॉक्टर अनुषा क्लीनिक गेट के बाहर से दिनदहाड़े चोरों ने बाइक पर हाथ साफ कर दिया। सूचना पर पुलिस ने मौका मुआयना कर वायरलेस सेट से बाइक चोरी की सूचना प्रसारित की, इसके बाद भी चोर बाइक लेकर फरार हो गए।
शहर के मोहल्ला हद्दफ निवासी पंकज कुमार कृष्णानगर कॉलोनी फायर स्टेशन के सामने डॉ. अनुषा क्लीनिक पर कर्मचारी हैं। मंगलवार दोपहर तीन बजे उसने बाइक क्लीनिक गेट पर खड़ी कर दी। आधा घंटे बाद जब वह क्लीनिक से बाहर निकले तो बाइक गायब थी। तलाश करने पर भी बाइक नहीं मिली। मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने वायरलेस सेट पर बाइक नंबर बताते हुए चोरी की सूचना प्रसारित की गई, लेकिन चोर फिर भी बाइक लेकर भाग निकले। तहरीर पुलिस को दी गई है। सदर थाने के एसएसआई उदयवीर सिंह ने बताया कि बाइक की तलाश की जा रही है।