लखीमपुर खीरी। कोतवाली धौरहरा क्षेत्र में पांच दिन पहले एक युवक की संदिग्ध हालात में तबियत बिगड़ गई। परिवार वालों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां मंगलवार की रात उसकी मौत हो गई। मृतक के पिता का कहना है कि अत्यधिक शराब पीने से उसके पुत्र की हालत बिगड़ी और मौत हो गई।
गांव मरखापुरवा सुजानपुर निवासी निवासी केदार निषाद ने बताया कि उनका पुत्र शंभू (32) शराबी किस्म का था। पांच दिन पहले उसने गांव में ही कहीं अत्यधिक शराब पी ली थी, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। हालत बिगड़ने पर पुत्र को रमियाबेहड़ सीएचसी में भर्ती कराया गया था, लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ। इस पर मंगलवार को डॉक्टर ने पुत्र को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इस पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही उसके परिवार में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिवार के लोग भी जिला अस्पताल पहुंच गए। बुधवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव घर वालों को सौंप दिया।