शाहजहांपुर। चौक कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला हुंडालखेल निवासी डॉ. संजीव कनौजिया की कार से उनका लाइसेंसी पिस्टल चोरी चला गया। डॉक्टर ने अपने ही तीन ड्राइवरों पर शक जाहिर करते हुए नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने शक के आधार पर एक ड्राइवर को हिरासत में लिया है, उससे पूछताछ की जा रही है।
शीला ट्रामा सेंटर के स्वामी डॉ. संजीव कनौजिया ने बताया कि चार अक्तूबर को वह कार से बाहर गए थे। उन्होंने लाइसेंसी पिस्टल कार में रख दी। शाम करीब चार बजे घर लौटने पर कार से सारा सामान उतार लिया, लेकिन वह पिस्टल कार में ही भूल गए। याद आने पर कुछ देर बाद जब वह कार में देखने गए तो वहां पिस्टल नहीं थी। डॉ. संजीव ने बताया कि उन्होंने पिस्टल को कार में तलाशा, लेकिन वह नहीं मिला। उन्हें शक है कि उनका पिस्टल कांट के गांव अलियापुर निवासी ड्राइवर सुखवीर सिंह, शहर के मोहल्ला हयातपुरा निवासी ड्राइवर मुनीश वर्मा और पुवायां के गांव मुड़िया कुर्मियात निवासी ड्राइवर पिंकू ने चुरा लिया है। यह तीनों ड्राइवर डॉक्टर की कारें चलाते हैं। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों से पूछताछ की, लेकिन पुलिस का शक ड्राइवर मुनीश पर गहरा रहा है। हालांकि उसने पुलिस के सामने अपनी सफाई भी पेश की, लेकिन पुलिस उसकी बताई जा रही कहानी से संतुष्ट नहीं है। इंस्पेक्टर अशोक पाल ने बताया कि अभी हर बिंदु पर जांच की जा रही है।
चोरी गई पिस्टल को वह तीन दिन तक अपने स्तर से तलाशते रहे, लेकिन जब पता नहीं चला, तब शक के आधार पर ड्राइवरों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। ड्राइवरों से पुलिस अपने स्तर से पिस्टल बरामदगी के प्रयास कर रही है।
डॉ. संजीव कनौजिया, शीला ट्रामा सेंटर