शाहजहांपुर। थाना रामचंद्र मिशन क्षेत्र के एक गांव में छह वर्ष की बच्ची के साथ दुराचार की वारदात के आरोपी को पुलिस गिरफ्तार भी नहीं कर पाई थी कि चौबीस घंटे के भीतर शनिवार रात मदनापुर क्षेत्र के एक गांव में 12 वर्षीय बालिका को टीवी दिखाने के बहाने अपने घर ले जाकर युवक ने दुराचार किया। खून से लथपथ घर पहुंची बालिका ने परिजनों को जानकारी दी। बालिका के पिता की ओर से मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मदनापुर क्षेत्र के एक गांव निवासी 12 वर्षीय बालिका के मकान से कुछ दूरी पर एक परिवार में बच्चे के जन्म पर शनिवार रात महिला संगीत का कार्यक्रम था। बालिका भी इसी कार्यक्रम में शामिल होने गई थी। रात 10:30 बजे वह अकेले घर लौट रही थी। रास्ते में उसे गांव बस्ती के रिश्ते का तहेरा भाई मिल गया। वह उसे टीवी दिखाने के बहाने अपने घर के अंदर ले गया। जहां उसे दबोच लिया। शोर मचाने पर युवक ने उसका मुंह बंद कर उसके साथ दुराचार किया। खून से लथपथ बालिका घर पहुंची और उसने मामले की जानकारी परिजनों को दी। इसके बाद वह बेहोश हो गई। परिवार के लोग उसे रात में ही 108 एंबुलेंस से लेकर मदनापुर सीएचसी पहुंचे, लेकिन खून बंद नहीं होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई। थानाध्यक्ष बिरजाराम पुलिस टीम के साथ रात में ही जिला अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी की। इसके बाद बालिका के पिता की ओर से तहरीर पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। बालिका की हालत में मामूली सुधार बताया जा रहा है। बालिका कक्षा छह की छात्रा है।
बालिका को टीवी देखने के बहाने घर बुलाकर उसके साथ रेप करने का आरोप है। बालिका के पिता की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
दिनेश त्रिपाठी, एएसपी सिटी