पुवायां (शाहजहांपुर)।
एक पुजारी ने पुलिस को तहरीर देकर मंदिर से देव प्रतिमाएं और ढाई हजार रुपये उठा ले जाने का आरोप लगाते हुए नामजद तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गांव कठवा मढ़िया निवासी पुजारी केशवराम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह गांव के उत्तर स्थित शिव मंदिर के पुजारी हैं। वह मंदिर के पास ही रहते हैं। शुक्रवार रात खटपट की आवाज सुनकर उसकी आंख खुली तो उन्होंने देखा कि गांव के ही सात लोग मंदिर से देव प्रतिमाएं उठाकर ले जा रहे हैं।
उन्होंने आरोपियों को ललकारा और प्रतिमाएं रखने को कहा तो प्रतिमा ले जा रहे लोग उन पर टूट पड़े और लात घूसों से जमकर पिटाई कर दी। बाद में आरोपी मंदिर की प्रतिमाएं और ढाई हजार रुपये लेकर भाग गए। शोर मचाने पर गांव के तमाम लोग मौके पर आए, लेकिन तब तक आरोपी जा चुके थे।
कोतवाली प्रभारी अशोक पाल सिंह ने बताया कि पुजारी की तहरीर पर जांच कराई जा रही है। घटना सही पाए जाने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।