शाहजहांपुर/रोजा। रेलवे ने अप लाइन पर सोमवार को लगातार दूसरे दिन भी पांच घंटे का मेगा ब्लॉक लेकर ट्रैक, ओएचई लाइन मेंटिनेंस और स्लीपर बदलने का काम किया। शाहजहांपुर, रोजा, तिलहर रेल सेक्शन में कई जगह मेंटिनेंस के काम हुए। ब्लॉक के दौरान मुरादाबाद, दिल्ली, टनकपुर, देहरादून की ओर जाने वाली आधा दर्जन ट्रेनें प्रभावित रहीं। गौर करने वाली बात यह है कि अप्रैल के 20 दिन में रविवार को 19 वीं बार मेगा ब्लॉक हुआ। सोमवार को डाउन लाइन पर मेगा ब्लॉक रहेगा।
उत्तर रेलवे इन दिनों रेल ट्रैक मरम्मत पर ज्यादा ध्यान दे रहा है। इसके चलते पहले से रद्द ट्रेनों को अब तक बहाल नहीं किया गया। वहीं काम निपटाने के लिए 30 अप्रैल तक दो दर्जन से ज्यादा और ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। इससे रेल यात्रियों को काफी मुश्किलों का सामना करना हो रहा है। सहालग के सीजन में लंबी दूरी के यात्री दूसरे विकल्पों को तलाश रहे हैं। अब तक हजारों यात्री रिजर्वेशन रिफंड करा चुके हैं। रेलवे को भी रोज मोटा नुकसान हो रहा है। अप लाइन पर रविवार को 11 से शाम पांच बजे तक पांच घंटे के मेगा ब्लॉक ने शेष बचीं ट्रेनों का टाइम टेबल भी बुरी तरह गड़बड़ा दिया है। रविवार को गुवाहटी एक्सप्रेस, कोलकाता-जम्मूतवी एक्सप्रेस, काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस समेत आधा दर्जन ट्रेनें प्रभावित रहीं। शाहजहांपुर-सीतापुर-गोरखपुर पैसेंजर को रोजा से रद्द कर दिया गया। सोमवार को भी यह ट्रेन रद्द रहेगी। ब्लॉक के दौरान यात्रियों को घंटों ट्रेनों का इंतजार करना पड़ा। गौर करने वाली बात यह है कि रात में चलने वाली फास्ट, सुपरफास्ट ट्रेनों को भी मेगा ब्लॉक ने प्रभावित किया। इससे यात्री परेशान रहे।
दून एक्सप्रेस ने कराया छह घंटे इंतजार, जननायक भी लेट
शाहजहांपुर। दून एक्सप्रेस ने यात्रियों को छह घंटे का लंबा इंतजार कराया। ट्रेन के शाहजहांपुर पहुंचने का समय रात नौ बजे है। शनिवार को यह ट्रेन अपने निर्धारित समय से छह घंटे देरी से पहुंची। यात्री ट्रेन का इंतजार करते रहे। छह घंटे से ज्यादा लंबे इंतजार के बाद दून एक्सप्रेस रविवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे शाहजहांपुर पहुंची। वहीं जननायक एक्सप्रेस भी रविवार को चार घंटे देरी से रही। अप काशी विश्वनाथ, सियालदह एक्सप्रेस, अमृतसर-कोलकाता एक्सप्रेस ने भी यात्रियों को इंतजार कराया।
आज डाउन लाइन पर पांच घंटे का मेगा ब्लॉक
शाहजहांपुर। अप लाइन पर मेंटिनेंस, स्लीपर बदलने के ज्यादातर काम निपटाने के बाद अब रेलवे सोमवार को डाउन लाइन पर पांच घंटे का मेगा ब्लॉक लेगा। मेगा ब्लॉक के दौरान लखनऊ की ओर जाने वाली ट्रेनों की रफ्तार थमेगी। काशी विश्वनाथ, काठगोदाम-लखनऊ एक्सप्रेस और अमृतसर-कोलकाता सुपरफास्ट को दो घंटे तक देरी से चलाया जाएगा।
अप्रैल महीने के 21 दिन ब्लॉक और ट्रेन निरस्तीकरण के नाम रहे हैं। अधिकारियों का दावा है कि मेंटिनेंस और अपग्रेडिंग के काम तेजी से पूरे किए जा रहे हैं। डीओएम प्रभाष राघव ने बताया कि सोमवार को डाउन लाइन पर मेगा ब्लॉक लिया जाएगा। अलग-अलग रेल सेक्शन में ब्लॉक की टाइमिंग भी अलग-अलग होगी। रामपुर से शाजहांपुर के बीच मेगा ब्लॉक 12 से शाम चार बजे तक रहेगा। वहीं शाहजहांपुर से आलमनगर के बीच ब्लॉक सुबह 10 बजे से शुरू हो जाएगा। काशी विश्वनाथ, काठगोदाम-लखनऊ एक्सप्रेस और अमृतसर-हावड़ा सुपरफास्ट को दो घंटे तक देरी से चलाया जाएगा। इस दौरान कोलकाता एक्सप्रेस, गुवाहटी एक्सप्रेस की रफ्तार भी प्रभावित रहेगी।
मेंटिनेंस और अपग्रेडिंग के काम तेजी से पूरे किए जा रहे हैं। ज्यादातर काम पूरे हो चुके हैं। एक मई से करीब दो दर्जन ट्रेनों का संचालन बहाल होने की उम्मीद है। ऐसे में ट्रैक पर ट्रैफिक बढ़ जाएगा। फिलहाल ट्रेनों का ट्रैफिक कम है। ऐसे में ब्लॉक लिए जा रहे हैं। सोमवार को डाउन लाइन पर मेगा ब्लॉक लिया जाएगा।
-प्रभाष राघव, डिवीजनल ऑपरेटिंग मैनेजर, मुरादाबाद रेल मंडल