हत्या कोशिश के दो आरोपी तमंचे सहित गिरफ्तार
जलालाबाद (शाहजहांपुर)। हत्या की कोशिश के दो आरोपियों को पुलिस ने रविवार रात दो तमंचों समेत गिरफ्तार करने का दावा किया है। सोमवार को पुलिस ने उन्हें कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
बता दें कि 10 जनवरी की शाम कस्बे के मोहल्ला आजादनगर निवासी चिराग मिश्रा ने मोहल्ला प्रतापनगर निवासी जिला पंचायत सदस्य बिजेंद्र यादव के पुत्र सोनू यादव, बरेली रोड निवासी मोनू गुप्ता और आजादनगर मोहल्ले के जीवेंद्र पाठक पर हत्या की कोशिश की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। एसपी के निर्देश पर पुलिस ने आरोपी सोनू यादव को रविवार को ही जेल भेज दिया था, जबकि बीती रात पुलिस ने जीवेंद्र पाठक व सोनू गुप्ता को भी कोला मोड़ से दबोच लिया। कोतवाल हरेंद्र सिंह ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों के पास से 315 बोर के दो तमंचे और दो कारतूस बरामद हुए हैं। पूछताछ के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया है।