शाहजहांपुर। मानसिक तौर पर परेशान एक महिला ने बृहस्पतिवार देर रात मिट्टी का तेल छिड़क कर खुद को आग लगा ली। गंभीर रूप से झुलसने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां रात दो बजे इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
थाना सदर बाजार क्षेत्र के मोहल्ला गदियाना निवासी बृजेश सक्सेना की 45 वर्षीय पत्नी कल्पना सक्सेना ने बृहस्पतिवार रात मिट्टी का तेल छिड़क कर खुद को आग लगा ली। चीख-पुकार सुनकर जब तक घरवालों ने आग बुझाई तब तक वह गंभीर रूप से झुलस चुकी थीं। रात में ही घरवाले उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां रात लगभग दो बजे उसने दम तोड़ दिया। सूचना पाकर उसके भाई जिला बदायूं के बिसौली कस्बा निवासी प्रदीप कुमार अपने घर वालों के साथ आए। भाई ने बताया कि बहन मानसिक तौर पर परेशान रहती थी, इसलिए खुद आग लगा ली। उसका प्राइवेट डॉक्टर से इलाज चल रहा था। ससुराल वालों का भी यही कहना है। सूचना के आधार पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। सदर इंस्पेक्टर केके तिवारी ने बताया कि इस मामले कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। घरवालों का कहना है कि कल्पना ने खुद आग लगाकर आत्महत्या की है। वह मानसिक तौर पर परेशान रहती थी। मृतका के एक 18 वर्षीय बेटी अंशिका और एक 15 वर्षीय बेटा कमल है।