होली पर गड़बड़ी की आशंका में 200 लोग चिह्नित
शाहजहांपुर। होली पर लाट साहब के निकलने वाले जुलूस को लेकर प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने को सुरक्षा का खाका तैयार करना शुरू कर दिया है। जुलूस के दौरान गड़बड़ी की आशंका वाले 200 लोगों को चिह्नित किया जा चुका है। साथ ही जुलूस में पांच-पांच ड्रोन कैमरों के जरिये निगरानी रखी जाएगी। जुलूस रूट के संवेदनशील इलाकों में इस बार त्रिस्तरीय बैरिकेडिंग कराए जाने का खाका भी तैयार कर लिया है।
महानगर में होली पर दो बड़े जुलूस निकलते हैं। जिनमें छोटे लाट साहब का जुलूस थाना रामचंद्र मिशन में सरायकाइयां से और चौक कोतवाली क्षेत्र में बड़े लाट साहब का जुलूस निकलता है। कोतवाली में मोती चौक से भैंसा गाड़ी पर बैठकर लाट साहब का जुलूस कोतवाली पहुंचता है। यहां कोतवाल लाट साहब को सलामी और इनाम में एक शराब की बोतल देते हैं। फिर यहां से लाट साहब का जुलूस चारखंभा, केरूगंज, बैरी तिराहा, अंटा चौराहा, जेल रोड, खिरनी बाग चौराहा से थाना सदर बाजार होते हुए बाबा विश्वनाथ मंदिर से होकर पंखी होटल से बहादुरगंज, मशीनरी मार्केट से घंटाघर, माल खाना मोड़, कच्चा कटरा मोड़, सुनहरी मस्जिद तिराहा, कोतवाली गेट से पटी गली मौती चौक सरौंदी बंगला पर समाप्त होता है। जुलूस रूट पर पड़ने वाले धार्मिक स्थलों को पन्नी से ढका जाएगा। गड़बड़ी की आशंका वालों पर गुंडा एक्ट की भी कार्रवाई की जाएगी।
संवेदनशील स्थानों की तैयार की जा रही सूची
लाट साहब जुलूस के दौरान शांति व कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए पुलिस ने संवेदनशील स्थानों की सूची संबंधित चौकी प्रभारियों से तैयार करने को कह दिया गया है। संवेदनशील स्थानों पर कितना पुलिस बल रहना चाहिए इसकी भी सूची तैयार की जा रही है। लाट साहब जुलूस के रूट पर में पड़ने वाले मकानों की छतों पर भी निगरानी की जा रही है कि कहीं किसी छत पर पत्थर व ईंटें तो नहीं हैं। यदि छत पर पत्थर व ईंटें हैं, तो उन्हें हटा लें।
शांति व्यवस्था को मीटिंगों का दौर शुरू
होली के बाद चुनाव को लेकर भी प्रशासन को कानून व्यवस्था को लेकर मशक्कत करनी होगी। इसलिए प्रशासन ने त्योहार व चुनाव दोनों को ध्यान में रखते हुए होमवर्क शुरू कर दिया है। अवांछनीय तत्वों की निगरानी, गड़बड़ी की आशंका वालों को चिह्नित करने के साथ ही मोहल्लों में संभ्रांत लोगों के साथ बैठकों का दौर भी शुरू हो गया है।
लाट साहब जुलूस शहर में दो निकलते हैं। इसलिए इन दोनों जुलूस की निगरानी के लिए पांच-पांच ड्रोन कैमरे लगाए जाएंगे और सीसीटीवी कैमरों से भी निगरानी होगी। जुलूस के दौरान गड़बड़ी की आशंका में 200 लोगों को चिह्नित किया जा चुका है। जुलूस रूट पर पड़ने वाले धार्मिक स्थलों को ढका जाएगा और त्रिस्तरीय बैरिकेडिंग भी होगी।
दिनेश त्रिपाठी, एएसपी सिटी