पुवायां। लग्जरी वाहनों से प्रतिबंधित पशुओं की तस्करी रुकने का नाम नहीं ले रही है। रविवार दोपहर पुलिस ने एक एक्सयूवी से ले जाए जा रहे तीन पशु बरामद कर वाहन को सीज कर दिया है।
रविवार दोपहर एसआई संदेश यादव को मुखबिर ने सूचना दी कि मोहम्मदी की ओर से आ रही एक एक्सयूवी में प्रतिबंधित पशुओं को लाया जा रहा है। पशु निगोही की ओर ले जाए जाएंगे। सूचना पर एसआई ने सिपाही अनिल कुमार के साथ राजीव चौक के पास संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया तो चालक ने वाहन को निगोही रोड पर दौड़ा दिया।
पुलिस ने पीछा किया तो चालक वाहन से अपना नियंत्रण खो बैठा और वाहन रोड से उतरकर फंस गया। इस पर वाहन में बैठे लोग मौके से भाग निकले। तलाशी लेने पर गाड़ी में तीन प्रतिबंधित पशु नशे की हालत में बंधे पड़े मिले। पुलिस ने अज्ञात तस्करों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर वाहन को सीज कर दिया है। पशुओं को गोशाला भेज दिया गया है।