मकान में चोरी के बाद बिखरा सामान देखता परिवार का सदस्य । संवाद
- फोटो : SHAHJAHANPUR
मदनापुर। चंदोखा गांव के दो घरों से शुक्रवार की रात चोरों ने चोरी की कोशिश की। इसके बाद तीसरे मकान में सीढ़ी के सहारे अंदर घुसे बदमाश लाखों रुपये का माल ले गए। सुबह उठे परिजन को चोरी की जानकारी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। थाना मदनापुर क्षेत्र के गांव चंदोखा में शुक्रवार की रात चोर दो बंद मकानों में घुसे। यहां पर चोरों को कुछ नहीं मिला। इसके बाद बंद मकान में चोरों को एक सीढ़ी मिल गई।
उसी सीढ़ी को दीवार पर लगाकर चोर रामकुमार सिंह के घर में घुस गए। रामकुमार पत्नी कांतीदेवी, बेटे धर्मेंद्र के साथ दूसरी मंजिल पर सो रहे थे। नीचे कोई भी नहीं था। चोर कमरे में घुसे। कीमती सामान और कुछ बक्सों को उठाकर घर के पास एक खेत में ले गए। चोरों ने खेत में बक्सों के ताले तोड़े।
पीड़ित रामकुमार के भाई अधिवक्ता ओम सिंह ने बताया कि करीब साढ़े चार लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर और 50 हजार रुपये की नकदी बक्सों में रखी थी जिसे चोर ले गए। बक्सों में रखा बाकी सामान खेत में छोड़ गए। सुबह उठने पर पीड़ित ने दूसरी मंजिल से नीचे आकर देखा तो कमरों के दरवाजे खुले थे। अंदर जाकर देखा तो सारा सामान बिखरा पड़ा था। पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर थाना प्रभारी विशाल प्रताप सिंह पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने परिवार से घटना की जानकारी लेने के बाद जांच शुरू कर की।
रात में एक घर में चोरी की घटना हुई है। चोर कुछ बक्से खेत में उठाकर ले गए थे। परिवार ने सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी की बात की है। तहरीर प्राप्त हो गई है। थाना प्रभारी को रिपोर्ट दर्ज कर घटना का जल्द खुलासा करने का निर्देश दिया है। - अखंड प्रताप सिंह, सीओ सदर
रामकुमार सिंह के मकान में सीढ़ी के सहारे घुसे चोर । संवाद- फोटो : SHAHJAHANPUR