जैतीपुर (शाहजहांपुर)। पिछले कई माह से क्षेत्र में चर्चित पेंशन घोटाले में डीएम के स्तर से कराई गई जांच और उनके आदेश पर जिला प्रोबेशन अधिकारी गौरव मिश्रा ने मंगलवार को जैतीपुर थाने में भाजपा नेता मुन्ना सिंह समेत चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
दर्ज एफआईआर में भाजपा नेता मुन्ना सिंह के अलावा क्षेत्र के गांव चावरखास निवासी सतीश चंद्र और अली अकबरपुर गांव के सर्वेन्द्र सिंह व वेदराम को नामजद कराया गया है। दर्ज रिपोर्ट में डीपीओ गौरव मिश्रा ने कहा है कि डीएम के स्तर से पिछले दिनों जैतीपुर क्षेत्र के कई गांवों में अपात्रों को पेंशन दिए जाने जाने की जांच का पत्र प्राप्त हुआ था। पत्र में पति की मृत्यु के उपरांत निराश्रित महिला पेंशन योजना के अंतर्गत ग्राम पंचायत अली अकबरपुर नवादा और ग्राम पंचायत बिरिया मकरंदपुर में 27 लाभार्थियों को संबंधित ग्राम पंचायतों का निवासी नहीं होने एवं पात्रता की शर्तें पूरी नहीं करने के बावजूद पेंशन स्वीकृत करने का उल्लेख था।
डीपीओ के अनुसार डीएम के आदेशानुसार संबंधित ग्राम पंचायतों में जांच कराने से स्पष्ट हुआ कि मीरानपुर कटरा स्थित भारतीय स्टेट बैंक के संदिग्ध खातों को एक ही बैंक मित्र सतीश चंद्र द्वारा खोला गया और उसी बैंक मित्र ने रकम की निकासी भी की। इसी तरह बैंक ऑफ बड़ौदा में खुले अधिकांश संदिग्ध खातों में गवाह के रूप में मुन्ना सिंह, सर्वेंद्र सिंह और वेदराम द्वारा गवाही दी गई। डीपीओ ने चारों व्यक्तियों पर धोखाधड़ी एवं बेईमानी की नियत से कूट रचित दस्तावेज तैयार कर और अनधिकृत तरीके से पेंशन जारी कराकर आपराधिक कृत्य करने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। हालांकि, आरोपी भाजपा नेता मुन्ना सिंह का कहना है कि वह विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। जनता में उनकी बढ़ती लोकप्रियता और उनकी संभावित जीत के मद्देनजर उन्हें बदनाम करने की साजिश की जा रही है। मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।