पुवायां। पुवायां सीएचसी में तैनात डॉक्टर ने रुपये मांगने, गाली गलौज और हाथापाई करने के आरोप में दो लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसमें एक को नामजद किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पीलीभीत के मोहल्ला गोदावरी स्टेट निवासी डॉ. रामकुमार ने पुलिस को बताया कि वह सीएचसी पुवायां में कार्यरत हैं। डॉ. रामकुमार के मुताबिक उन्हें पुवायां के मोहल्ला कसभरा तकिया (राजीव नगर) निवासी रामकुमार आए दिन धमकी देकर रुपये की मांग करते हैं। नाम एक जैसा होने का नाजायज लाभ उठाकर डॉक्टर के नाम पर रामकुमार आम लोगों से रुपये वसूलता है। 13 सितंबर को सीएचसी स्थित सरकारी आवास पर आए और खुद को पत्रकार बताते हुए धमकी देकर एक हजार रुपये ले गए। आरोपी रामकुमार ने डॉक्टर से कहा कि तुम अब सर्जन हो गए हो। मुझे हर ऑपरेशन पर दो हजार रुपये देने पड़ेंगे नहीं तो नौकरी नहीं करने देंगे।
डॉक्टर के अनुसार विरोध करने पर उनसे रामकुमार ने गाली गलौज कर हाथापाई की। इससे उनके हाथ में चोट भी आई है। शोर सुनकर आसपास के लोग आए तो आरोपी धमकी देते हुए चला गया। एक घंटे बाद डॉथ्ठर सीएचसी से पुवायां जा रहे थे तो उन्हें आरोपी रामकुमार ने रास्ते में रोक लिया और हाथापाई की। हाथापाई के दौरान डॉक्टर की जेब में रखे 50 हजार रुपये कहीं गिर गए। उन्हें आशंका है कि रामकुमार के साथी ने उनके रुपये उठा लिए हैं। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।