पुवायां (शाहजहांपुर)। मां के साथ मजार पर चादरपोशी करने जा रही एक युवती से तीन युवकों ने छेड़छाड़ कर दी। युवती ने हिम्मत दिखाते हुए एक युवक को पकड़ लिया। युवक का पर्स मौके पर गिर गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जनपद लखीमपुर के गोला निवासी एक युवती अपनी मां के साथ पुवायां के गांव नत्थापुर स्थित एक मजार पर चादरपोशी करने पहुंची थी। युवती के अनुसार वह प्रत्येक बृहस्पतिवार को मजार पर आती है। वह अपनी मां के साथ टेंपो से उतरकर मजार पर जा रही थी। मजार से कुछ दूर एक बाइक से तीन युवक पहुंचे और छेड़छाड़ करने लगे। युवती ने हिम्मत दिखाते हुए विरोध जताया और शोर मचाते हुए मां की मदद से एक युवक को पकड़ लिया। छीनाझपटी के दौरान एक युवक की जेब फट गई और युवक का पर्स भी वहीं गिर गया।
एक बाइक सवार उधर से निकला और आरोपियों को ललकारा तो वे बाइक पर बैठकर भाग निकले। युवती की सूचना पर यूपी-112 पुलिस मौके पर पहुंची और युवती और उसकी मां को थाने ले आई। युवती ने पुलिस को युवक की जेब का कपड़ा और पर्स सौंप दिया है। पर्स से एक आरोपी का आधार कार्ड भी मिला है। आरोपी जनपद लखीमपुर के थाना मोहम्मदी के गांव रामपुर मदारी का रहने वाला है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।