तिलहर। सोमवार सुबह तिलहर थाने की पुलिस और एसओजी ने मुखबिर की सूचना पर एक कार को रोका। पुलिस देखकर बदमाशों ने फायरिंग करने के साथ ही चाकू से हमला कर दिया। इसमें सिपाही पंकज घायल हो गया। पुलिस ने चारों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। बदमाशों ने कई वारदात अंजाम दिया जाना कबूला है। साथ ही यह भी बताया कि वे लोग चार-पांच दिनों में एक सराफा व्यापारी की हत्या कर लूट की योजना बना रहे थे।
सोमवार सुबह थाना तिलहर पुलिस व एसओजी की टीम नगरिया मोड़ के पास चेकिंग की जा रही थी। मुखबिर की सूचना पर सुबह करीब साढ़े छह बजे राईखेड़ा तिराहे, रिंगरोड के पास आल्टो कार सवार बदमाशों को रोकने का प्रयास किया गया तो बदमाशों ने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायर किया तथा चाकू से हमला कर दिया। इससे सिपाही पंकज कुमार घायल हो गया। पुलिस टीम ने कार सवार चारों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया।
उनके कब्जे से पुलिस को दो तमंचे, चार कारतूस, एक चाकू, एक लेडीज पर्स, दो जोड़ी पायल, 21 बिछुए, दो हार, तीन झुमके, दो अंगूठी आदि सामान बरामद हुए। गिरफ्तार आरोपियों में हिमांशु वर्मा निवासी मोहल्ला नई बस्ती रेती, अजय गौतम निवासी मोहल्ला नई बस्ती रेती कुम्हारों वाली गली, आकाश वर्मा निवासी मोहल्ला हुसैनपुरा, हनुमत धाम के पीछे कोतवाली, विकास वर्मा निवासी मोहल्ला हुसैनपुरा हैं।
एसपी ग्रामीण संजीव कुमार वाजपेयी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों ने अवैध धन संपत्ति अर्जित करने के लिए करीब डेढ़-दो वर्षों से शाहजहांपुर नगर से बरेली हाईवे, कांट रोड, हरदोई रोड, रोजा-सीतापुर रोड व मोहम्मदी-पुवायां रिंग रोड आदि स्थानों पर पर वारदात को अंजाम देना कबूला है।
पूछताछ के दौरान प्रकाश मे आये तथ्यो के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। पूछताछ में यह भी बताया कि शाहजहांपुर के एक सराफा व्यापारी की व्यापार के सिलसिले में हरदोई जाते समय शाहबाद के आगे सिंगल पुल से आगे संकरे रास्ते पर हत्या करके लूट की भी योजना बनाई गई थी। इस घटना को अगले चार-पांच दिन मे अंजाम दिया जाना था।