शाहजहांपुर। कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते मुख्यमंत्री ने सरकारी कार्यालयों में सामाजिक दूरी का पालन कराने के लिए 50 फीसदी कर्मचारियों को दिवस वार कार्यालय बुलाने और शेष कर्मचारियों से वर्क फ्रॉम होम कराने की व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए थे। इस पर अमल करते हुए विभिन्न विभागों के कर्मचारियों का ड्यूटी रोस्टर पहले ही तैयार कराया जा चुका है। इस आशय का शासनादेश मिलने के बाद डीएम उमेश प्रताप सिंह ने कर्मचारियों का ड्यूटी रोस्टर बृहस्पतिवार से लागू कर दिया, लेकिन अधिकांश कार्यालयों में रोज की तरह कर्मचारी पहुंचे और सामान्य दिनों की तरह विभागीय कार्य किया।
बीते सोमवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री ने इसी आशय के दिशा निर्देश जारी किए थे, लेकिन इस संबंध में कोई शासनादेश नहीं मिलने से कलक्ट्रेट और विकास भवन के कार्यालयों में कर्मचारी पूर्ववत कार्य करते रहे। हालांकि, इस बीच प्रभारी जिला विकास अधिकारी/डीआरडीए के परियोजना निदेशक अवधेश राम ने विभिन्न विभागों के प्रमुुुखों से उपलब्ध कर्मचारियों का ब्योरा तलब कर उनका दिवस वार ड्यूटी रोस्टर तैैयार करा लिया। एडीएम प्रशासन रामसेवक द्विवेदी ने बताया कि कर्मचारियों से रोस्टर के अनुसार कार्यालयों में काम लिए जाने का शासनादेश बीती शाम मिलने के बाद डीएम ने उसे तत्काल प्रभाव से जनपद में लागू करा दिया है।
यह अलग बात है कि कर्मचारियों का ड्यूटी रोस्टर बृहस्पतिवार को पहले दिन ही कागजी साबित हो गया क्योंकि अधिकांश कार्यालयों में अवकाश पर गए कर्मचारियों को छोड़कर शेष सभी कर्मचारी रोजाना की तरह सुबह से अपने पटलों पर मुस्तैद दिखे। संबंधित विभागों के अधिकारियों का कहना है कि नियमित विभागीय कार्य के साथ चुनाव संबंधित कार्य बढ़ गया है जबकि विभिन्न संवर्गों के तमाम कर्मचारी पहले से कम हैं। इसलिए ड्यूटी रोस्टर का पालन करने की दशा में दोनों तरह के सरकारी काम प्रभावित होने लगेंगे। अधिकारियों के अनुसार जो कर्मचारी आ रहे हैं, उन्हें मास्क लगाने और फासले से बैठने को लगातार हिदायत दी जा रही है।