शाहजहांपुर। घंटाघर के पास होम्यो क्लीनिक के सामने वाली गली में स्मार्ट मीटर लगाने गई टीम को उपभोक्ताओं के विरोध का सामना करना पड़ा। निगम के अफसरों से मामला नहीं सुलझने पर पुलिस को बुलाना पड़ गया। तब भी लोगों ने मीटर लगवाने से इन्कार कर दिया। वहीं, दूसरी ओर एसई जागेश कुमार ने बताया कि स्मार्ट मीटर को लेकर किसी को शिकायत है तो उसकी समस्या का समाधान कराएंगे।
जिले में करीब 36 हजार लोगों के घरों में स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य हो चुका है। सोमवार को बहादुरगंज उपकेंद्र क्षेत्र के घंटाघर के पास होम्योपैथिक क्लीनिक के पास टीम स्मार्ट मीटर लगाने पहुंची तो उपभोक्ता ने मना कर दिया। गली के प्रथम उपभोक्ता के मना करने के बाद अन्य उपभोक्ता भी एकजुट हो गए।
सूचना पर बहादुरगंज उपकेंद्र से जेई व एसडीओ को बुलाया गया। उन्होंने भी समझाने का प्रयास किया, पर उपभोक्ता मानने को तैयार नहीं हुए। विवार बढ़ने व कार्य में बाधा डालने पर अफसरों ने पुलिस को बुला लिया। पुलिस के आने पर भी लोग तैयार नहीं हुए। ऐसे में निगम की टीम को खाली हाथ लौटना पड़ गया।
दूसरी ओर एसई जागेश कुमार ने बताया कि स्मार्ट मीटर सारे उपभोक्ताओं के घरों में लगाए जाएंगे। यदि किसी उपभोक्ताओं को भ्रम है तो वह उनके कार्यालय में आकर संपर्क कर सकता है। तेज मीटर चलने पर चेक मीटर लगवाकर जांच कराने का भी विकल्प है।