शाहजहांपुर। विद्युत निगम ने उपभोक्ताओं की समस्याओं के निस्तारण और उन्हें बिजली आपूर्ति से संबंधित जानकारियां देने के लिए विद्युत समस्या एवं समाधान नामक व्हाट्सएप ग्रुप बनाए हैं।
आवास एवं विकास परिषद विद्युत उपकेंद्र के एसडीओ राजेश सिंह ने बताया कि उपभोक्ताओं को ग्रुप में लिंक के माध्यम से जोड़ा जा रहा है। इसमें निगम के अधिकारी और कर्मचारी भी जुड़े हैं। इसमें जो भी उपभोक्ता अपनी विद्युत संबंधी समस्याएं पोस्ट करेंगे, उनका तत्काल समाधान किया जाएगा। संवाद
अल्हागंज में आज से तीन दिन बाधित रहेगी बिजली आपूर्ति
अल्हागंज। बिजली आपूर्ति को बेहतर बनाने के लिए विद्युत निगम मंगलवार से 33 केवीए हाईटेंशन लाइन के नए खंभे लगाने और तार बदलने का काम कराएगा। विद्युत उपकेंद्र के प्रभारी अवर अभियंता जगदीश सिंह ने बताया कि यह कार्य मंगलवार से बृहस्पतिवार तक सुबह 10 बजे से अपराह्न तीन बजे तक किया जाएगा। इस दौरान सभी फीडरों की बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। उन्होंने उपभोक्ताओं से बिजली आपूर्ति बंद रहने के दौरान धैर्य बनाए रखने की अपील की है। संवाद
कटरा में भी आज बंद रहेगी तीन घंटे बिजली
मीरानपुर कटरा। विद्युत उपकेंद्र के उपकरणों की मरम्मत के दौरान मंगलवार को कस्बे की विद्युत आपूर्ति को तीन घंटे बंद किया जाएगा। एसडीओ धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न दो बजे तक मीरानपुर कटरा विद्युत उपकेंद्र पर स्थापित पैनल एवं उपकरणों की टेस्टिंग का कार्य होगा। कार्य के दौरान 11 केवीए इस्लामनगर, ईदगाह एवं फर्स्ट प्वाइंट पोजीशन की विद्युत आपूर्ति को बंद रखा जाएगा। संवाद