शाहजहांपुर। शहर में बिसरात मार्ग स्थित एक मैरिज लॉन परिसर में मंगलवार को कांग्रेस का एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। बाहर से आए प्रशिक्षकों ने पदाधिकारियों को बूथ प्रबंधन और पार्टी की नीतियों के प्रचार की रणनीति समझाते हुए अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव तक संगठन को मजबूत बनाने के निर्देश दिए।
प्रशिक्षण में कांग्रेस की जिला व महानगर कमेटी समेत ब्लॉक, न्याय पंचायत और अन्य फ्रंटल संगठनों के जिला अध्यक्ष, शहर कमेटी के पदाधिकारी, वार्ड अध्यक्ष आदि 250 से अधिक वरिष्ठ कांग्रेसी शामिल रहे। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव तौकीर आलम, जनपद प्रभारी रिसाल अहमद, प्रदेश प्रवक्ता अंशु अवस्थी, सोशल मीडिया के प्रदेश कोआर्डिनेटर मनोज सिंह, रुचि शर्मा, हरीश गंगवार आदि ने बताया कि सोशल मीडिया पर पार्टी की नीतियों का कैसे प्रचार करना है और किस तरह बूथ प्रबंधन कर वहां की इकाइयों को मजबूत बनाया जाना है।
पदाधिकारियों को प्रदेश कार्यालय से प्राप्त प्रचार सामग्री वाले थैले बांटे गए। थैले में पार्टी के स्टीकर, पोस्टर, झंडे आदि सामग्री रखी गई है। प्रशिक्षु कांग्रेसियों को निर्देशित किया कि वह अपने घरों पर पार्टी का झंडा लगाएं और लोगों को पार्टी की उपलब्धियां बताने वाली प्रचार सामग्री मुहैया कराएं। पूर्व विधायक धीरेंद्र प्रसाद, एआईसीसी सदस्य अशफाक उल्ला खां, कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र दीक्षित, प्रदेश महासचिव कुमुद गंगवार, अनूप वर्मा, अरुणोद मिश्रा, सुरेश शुक्ला, लक्ष्मी नारायण मिश्रा, सुनीता सिंह, जगदीश गंगवार, तनवीर सफदर आदि शामिल रहे।