मिर्जापुर में लोक निर्माण विभाग कोलाघाट के कच्चे रास्ते को पक्का करने के लिए खड़ंजा मार्ग बना रह?
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। लोक निर्माण विभाग ने मिर्जापुर क्षेत्र में रामगंगा व बहगुल नदियों पर बने कोलाघाट पैंटून पुल के कच्चे रास्ते को पक्का करने के लिए खड़ंजा मार्ग का निर्माण कार्य शुरू करा दिया है। इससे क्षेत्र के लोग बेहद खुश हैं, लेकिन खड़ंजा निर्माण करा रहे ठेकेदार के श्रमिकों ने मिर्जापुर की ओर पुलिस के बैरियर लगाकर यातायात वन वे कर दिया है। इस कारण कच्चे ऊबड़- खाबड़ रास्ते पर यात्रियों के वाहन जाम में फंस रहे हैं।
गत वर्ष 29 नवंबर को कोलाघाट का पक्का पुल सात नंबर पिलर जमीन मेे धंस जाने से टूट गया था। तब से पुल तीन हिस्सों में बटा है। मिर्जापुर और कलान क्षेत्र के लोगों को जिला मुख्यालय तक आवागमन की सुविधा देने के लिए लोनिवि ने वहां करीब 95 लाख रुपये की लागत से पैंटून पुल बनवा दिया, लेकिन इस पुल के दोनों ओर करीब दो किमी लंबे पहुंच मार्ग को पक्का नहीं कराए जाने रेतीले कच्चे रास्ते में बने बड़े-बड़े गड्ढों में वाहन फंस रहे हैं। इस कारण आधे रास्ते में खड़ंजा निर्माण तथा आधे रास्ते में दोनो ओर से वाहनों के आवागमन से मंगलवार को दिन भर उधर से निकले वाहन चालकों को जाम से जूझना पड़ा।
इस संबंध में लोनिवि (निर्माण खंड-1) के अधिशासी अभियंता राजेश चौधरी का कहना है कि फोरलेन खड़ंजा बनाने के लिए आधे रास्ते पर खड़ंजा निर्माण करवाया जा रहा है। इस कारण आधे रास्ते से वाहन निकलने से जाम लगना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य के दौरान कच्चे रास्ते पर पानी का छिड़काव और उसका समतलीकरण कराना संभव नहीं है, लेकिन रास्ता जल्द पक्का कराने का प्रयास किया जा रहा है।