शाहजहांपुर/ पुवायां। पेट्रोल की बढ़ती कीमतों का असर बाइक बाजार पर पड़ा है। केंद्र सरकार और राज्य के कर कम करने के कारण रेट गिरे हैं, लेकिन लोगों का मानना है कि रोजाना बढ़ती कीमतों के कारण कुछ ही दिनों में पेट्रोल, डीजल के रेट फिर से बढ़ जाएंगे। इसलिए लोग बाइक की तुलना में इलेक्ट्रिक स्कूटी को खिफायती विकल्प मान रहे हैं। धनतेरस पर आटोमोबाइल बाजार में इसका असर भी दिखा। इलेक्ट्रिक स्कूटी की बिक्री पिछले वर्षों की अपेक्षा तीन गुनी तक बढ़ गई, वहीं बाइकों की बिक्री अपेक्षाकृत कम रही।
इलेक्ट्रिक स्कूटी में तमाम बैरायटी मौजूद हैं, जो एक बार चार्ज होने के बाद ज्यादा दूरी तक चलती हैं। बिजली भी भरपूर मिल रही है, इस कारण स्कूटी को चार्ज करने में भी कोई समस्या नहीं है। आफिस, स्कूल, दुकान जाने वाले लोगों और छात्र, छात्राओं के बीच इलेक्ट्रिक स्कूटी ज्यादा पसंद की जा रही है। शहर में इलेक्ट्रिक स्कूटी ज्यादा बिकने के कारण आउट आफ स्टॉक हो गई। स्कूटी लगभग सभी कस्बों में उपलब्ध भी हैं। लोगों ने बाइक या कार खरीदते वक्त माइलेज का ज्यादा ध्यान रखा।
850 दोपहिया वाहन इस बार धनतेरस से लेकर दीपावली तक खरीदे गए। लेटेस्ट वर्जन डी-6 की बाइकें शोरूम पर उपलब्ध हैं। इनमें सबसे ज्यादा खरीदी जाने वाली बाइक स्प्लेंडर प्लस रही। दूसरे नंबर पर एचएल डिलक्स को पसंद किया गया। 50 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ है। - अनुज कपूर, ऑटोमोबाइल कारोबारी
मेरी पूरनपुर बंडा मार्ग पर राठौर ऑटो सेल्स की दुकान है इस बार पेट्रोल की कीमतें बढ़ने के कारण इलेक्ट्रिक स्कूटी की मांग ज्यादा रही और काफी बिक्री भी हुई है। पिछले साल से इस बार तीन गुना वाहन ज्यादा बिके। - मुरली राठौर, इलेक्ट्रिक स्कूटी विक्रेता बंडा
मेरे पास बाइक की एजेंसी है। पेट्रोल की कीमतें बढ़ने के कारण इस बार बिक्री बहुत डाउन रही। एक तो किसान परेशान है, न तो धान बिक पा रहा है और न ही पेमेंट आया है। पिछले साल से इस बार बहुत कम बिक्री हुई है। - गौरव शुक्ला, बंडा
विभिन्न कारणों के चलते इस साल धनतेरस व दिवाली जैसे त्योहारों पर दो पहिया वाहनों की बिक्री हर साल की अपेक्षा चालीस प्रतिशत कम रही। पेट्रोल के साथ वाहनों के दाम में बढोत्तरी से बैटरी चालित या ज्यादा माइलेज देने वाले वाहन लोगों की पसंद रहे। - जितेंद्र प्रताप सिंह, जलालाबाद
बाइक और स्कूटर की बिक्री अपेक्षाकृत कम रही। अतिवृष्टि होने के कारण किसान की फसलें चौपट हो गई जिसका सीधा असर ऑटोमोबाइल बिक्री पर पड़ा है। तिलहर की मार्केट ग्रामीण क्षेत्र पर निर्भर है। इस बार स्कूटर-बाइक की बिक्री कम हुई। - नीरज गुप्ता, तिलहर
पिछली बार से इस बार कार कारोबार कम रहा। जिसकी वजह सेमी कंडक्टर की सप्लाई न हो पाना रहा है, जोकि चार-पहिया वाहनों का एक जरूरी पार्ट है। इसके बावजूद 80-90 गाड़ियां धनतेरस से लेकर दीपावली तक बेची हैं। - वीपी सिंह, ऑटोमोबाइल कारोबारी
पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों के चलते अब लोग इलेक्ट्रिक बाइक की ओर आकर्षित हो रहे हैं। यह जीरो पॉल्यूशन वाले वाहन हैं। धनतेरस से लेकर दीपावली तक 35 इलेक्ट्रिक बाइकों की बिक्री की है। - विनोद अग्रवाल, ऑटोमोबाइल कारोबारी