शाहजहांपुर-पीलीभीत रोड पर निगोही में स्थित कैमुआ पुल पर लगे जाम में फंसे लोग। संवाद
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। भैया दूज को लेकर ट्रैफिक पुलिस की तैयारी धरी रह गई। शहर के लगभग हर प्रमुख चौराहे पर दिनभर जाम की स्थिति बनी रही। रोडवेज बस अड्डा से स्टेशन रोड और लाल इमली चौराहा से घंटाघर रोड पर पूरे दिन जाम लगा रहा। इधर से गुजरने वाले जाम में फंसने की वजह से बेहद परेशान रहे।
शनिवार को भैया दूज होने की वजह से सड़कों पर वाहनों की संख्या बढ़ गई। सड़कों पर वाहनों की भीड़ उमड़ी तो रोडवेज बस अड्डा से स्टेशन की तरफ जाने वाले रोड पर जाम लग गया। जाम में ई-रिक्शा बेतरतीब तरीके से फंसे हुए थे, जो एक-दूसरे से आगे निकलने की जल्दबाजी में जाम और बढ़ा रहे थे। यहां पुलिस की मौजूदगी न होने की वजह से जाम बढ़ता चला गया। इसी तरह लाल इमली चौराहा पर ई-रिक्शा के बेतरतीब चलने की वजह से जाम लगा। यहां चौराहा पार करने के चक्कर में ई-रिक्शा चालक तेज रफ्तार में निकलने की कोशिश करते नजर आए, जिसकी वजह से जाम लगा। चारों ओर से आने वाले वाहन चौरो पर जाम में फंस गए। शहर की सड़कों पर सिर्फ ई-रिक्शा ही नजर आ रहे थे। इसके अलावा शहर में केरूगंज, अंजान चौकी, अंटा चौराहा, जीआईसी तिराहा, चौक आदि क्षेत्र में सबसे ज्यादा जाम लगा, जिससे लोग खासे परेशान नजर आए।
उधर, जलालाबाद में शनिवार को सुबह से ही सड़कों पर वाहनों और पैदल यात्रियों की भारी भीड़ रही। सबसे ज्यादा बरेली-फर्रुखाबाद हाईवे पर वाहनों का दबाव रहा। जहां रोज निकलने वाले भारी वाहनों के साथ त्योहारी ट्रैफिक और बढ़ गया। भारी भीड़ के चलते तमाम लोगों को रोडवेज तक का सफर पैदल ही तय करना पड़ा। नगर में मुख्य चौराहे पर लगाए गए पुलिस के जवान ट्रैफिक कंट्रोल करने में ज्यादा सजग दिखाई दिए। जबकि अन्य जगहों पर व्यवस्था नाकाफी रही। खंडहर रोड, याकूबपुर तिराहे तथा बारहपत्थर चौराहे पर बराबर जाम की स्थिति बनी रही। प्रमुख चौराहों व रोडवेज परिसर में पुलिस की मुस्तैदी होने के बावजूद जाम लगा रहा।
कैमुआ नदी के पुल पर लगा लंबा जाम
निगोही। पुलिस की लचर व्यवस्था के चलते शाहजहांपुर-पीलीभीत मार्ग पर निगोही कस्बे के निकट कैमुआ नदी पुल पर शनिवार को भीषण जाम लगा। शनिवार दोपहर एक से शाम चार बजे तक पुल के दोनों ओर पतराजपुर तिराहे से निगोही हमजापुर चौराहे तक करीब दो किमी तक वाहनों की लाइनें लगी रहीं। जाम की वजह से बाइक सवार गांवों के रास्ते से होकर निगले। भैया दूज करने जा रहीं तमाम महिलाओं और बच्चों को सवारी छोड़कर कई किलोमीटर तक पैदल चलना पड़ा। जाम लगने के करीब एक घंटे बाद पहुंची निगोही पुलिस ने वन-वे व्यवस्था लागू करके वाहनों को निकाला, कहीं तब जाकर जाम हल्का हुआ। हालांकि शाम तक आवागमन सुचारु नहीं हो सका था। संवाद