शाहजहांपुर। जिला प्रशासन व नगर निगम की ओर से खिरनीबाग स्थित जीआईसी खेल मैदान में दीपोत्सव मेला का आयोजन किया जा रहा है। इसमें मैजिक शो और एक शाम शहीदों के नाम कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
मैजिक शो में लखनऊ के जादूगर राकेश श्रीवास्तव ने अपने हाथ की सफाई दिखाई। मुंबई के ग्रुप ने लेजर शो का शानदार प्रदर्शन किया। लेजर शो में शिव तांडव स्त्रोत व रामायण पर आधारित दृश्यों को दर्शाया गया, जिसे लोगों ने सराहा। बॉलीवुड सिंगर असित त्रिपाठी व उनकी टीम ने देशभक्ति गीत व अन्य प्रचलित गीत गाकर लोगों का दिल जीत लिया। बॉलीवुड सिंगर ने शहीदों की नगरी के वीर सपूतों को याद कर नमन किया गया।
एसपी एस. आनंद के पुत्र अभिनव आनंद ने गीत सुनाया, लीड कान्वेंट के छात्र-छात्राओं ने रैंप शो के माध्यम से तालियां बटोरीं। नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा व उनकी पत्नी नेहा शर्मा ने बॉलीवुड सिंगर असित त्रिपाठी, इवेंट मैनेजर विपिन राठौर व जादूगर राकेश श्रीवास्तव समेत सभी कलाकारों को शॉल ओढ़ाकर व स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।
संचालक कवि डॉ. इंदू अजनबी, एडीएम प्रशासन रामसेवक द्विवेदी, एडीएम एफआर गिरिजेश कुमार चौधरी, भाजपा महानगर अध्यक्ष अरुण कुमार गुप्ता, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष वीरेंद्र पाल सिंह यादव, डॉ. कविता भटनागर, तराना जमाल, दपिंदर कौर, निकहत परवीन आदि मौजूद रहे।