शाहजहांपुर। लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित हुलासनगरा रेलवे फाटक बुधवार को ट्रैक मेंटीनेस कार्य के चले सुबह नौ से रात नौ बजे तक 12 घंटे बंद रहा। इस दौरान नेशनल हाईवे से गुजरने वाले वाहनों को रूट डायवर्जन करके निकाला गया। सही रास्ते का पता न होने की वजह से कई वाहन चालक इधर-उधर भटकते नजर आए।
लखनऊ-दिल्ली नेशनल हाईवे पर मीरानपुर कटरा क्षेत्र में स्थित हुलासनगरा रेलवे क्रॉसिंग पर बुधवार को डाउन लाइन के रेलवे ट्रैक पर मेंटीनेंस कार्य किया गया एवं चकरेल बदली गई। इस दौरान हुलासनगरा फाटक पर ट्रेनों को कॉशन देकर निकाला गया। रेलवे फाटक पर मेंटीनेंस कार्य के चलते रेलवे फाटक से वाहनों का आवागमन रोक दिया गया। इस दौरान बरेली-लखनऊ नेशनल हाईवे से गुजरने वाले वाहनों को बरेली एवं शाहजहांपुर से रूट डायवर्ट किया गया था। बुधवार रात करीब नौ बजे कार्य पूर्ण हो जाने पर रेलवे फाटक से वाहनों का आवागमन शुरू कर दिया गया। इधर, मुख्य चौराहे के निकट सर्विस रोड के गड्ढों की मरम्मत का कार्य किया। मुख्य चौराहे के निकट सर्विस रोड पर काफी बड़े गड्ढे हो गए थे। इनकी वजह से चौराहे पर आए दिन जाम लग जाता है। बुधवार को हुलासनगरा रेलवे क्रॉसिंग पर मेंटीनेंस के कार्य की वजह से नेशनल हाईवे से वाहनों का आवागमन रोका गया। इसी बीच चौराहे पर ओवरब्रिज का निर्माण कार्य कर रही आरसीएल कंपनी ने ईंट-रोड़ा डालकर गड्ढों की मरम्मत की।
वहीं प्रशासन ने बरेली की ओर आने वाले वाहनों को अलग-अलग रूट से पास कराए जाने के लिए आदेश जारी किए थे। इसी के मद्देनजर नेशनल हाईवे पर सुबह से ही पुलिस सतर्क नजर आई। चौक कोतवाली पुलिस ने बरेली मोड़ चौराहे पर बरेली मार्ग पर बैरिकेडिंग लगाकर आवागमन रोक दिया था। सीतापुर, लखनऊ, हरदोई की ओर से बरेली की ओर जाने वाले वाहनों को जलालाबाद, हुल्लापुर चौराहा, राजेपुर, मिर्जापुर होते हुए गंतव्य की ओर रवाना किया गया। वहीं हरदोई बाईपास चौराहे पर बरेली की ओर जाने वाले वाहनों को हरदोई चौराहे से जमुका तिराहा, दियुरिया मोड़ से रिंग रोड की ओर भेजा गया। रूट डायवर्जन के चलते वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
थोड़ी-थोड़ी देर लगता रहा जाम
निगोही। हुलासनगरा क्रॉसिंग बंद होने की वजह से शाहजहांपुर से वाहनों को निगोही-बीसलपुर होते हुए बरेली की ओर निकाला गया। इससे कई बार शाहजहांपुर-पीलीभीत मार्ग पर निगोही क्षेत्र में आने वाले कैमुआ नदी पुल पर जाम के हालात बने। हालांकि पुलिस के मुस्तैद होने के कारण जाम खुलवाया जाता रहा। निगोही पुलिस ने कैमुआ पुल पर वन-वे व्यवस्था लागू कर रखी थी। लखनऊ, शाहजहांपुर जाने वाले भारी वाहनों को पुलिस ने निगोही-पुवायां मार्ग से निकाला। संवाद
खराब सड़क से निकले वाहन
जैतीपुर। हुलासनगरा रेलवे फाटक बंद रहने के दौरान बुधवार को लखनऊ की ओर से आने वाले वाहनों को कटरा के सिउरा मोड़ से जैतीपुर, गोहावर, आलमपुर होते हुए फतेहगंज पूर्वी के लिए निकाला गया। वहीं, कुछ वाहन जैतीपुर से खेड़ाबझेड़ा, नवादा मोड़ होते हुए बरेली-बदायूं के लिए निकाले। इन रास्तों पर गड्ढे और उनमें बारिश का पानी भरा होने से वाहन चालकों को खासी दिक्कत हुई।
यातायात को आज से खुलेगा कोलाघाट पुल
मरम्मत के लिए एक सप्ताह पहले बंद किया गया जलालाबाद क्षेत्र में कोलाघाट का पुल भारी वाहनों और सामान्य यातायात के लिए बृहस्पतिवार सुबह सात बजे खोल दिया जाएगा। मिर्जापुर-जलालाबाद मार्ग पर कटरी क्षेत्र में रामगंगा व बहगुल नदियों पर दो दशक पहले बनाया गया कोलाघाट का पुल कई स्थान पर जर्जर हो गया था। पुल के बीच में सीमेंट उखड़ने से सरियां दिखने लगी थीं, और एक पिलर के पास पुल की रेलिंग झुक गई थी। मरम्मत के लिए सात अक्तूबर को पुल पर सभी वाहनों का आवागमन रोक दिया गया था। तब से मिर्जापुर, कलान, बदायूं आने-जाने वाले वाहनों को जरियनपुर-अल्हागंज होकर निकाला जा रहा था। लोक निर्माण विभाग (निर्माण खंड एक) के अधिशासी अभियंता राजेश चौधरी ने बताया कि मरम्मत का काम पूरा होने के बाद पुल पर दुपहिया वाहनों का आवागमन पहले से शुरू हो चुका है। बृहस्पतिवार सुबह से भारी वाहन भी कोलाघाट पुल से गुजरने लगेंगे। शुरू करा दिया जाएगा।
रूट डायवर्जन किए जाने की जानकारी नहीं थी। माल लेकर बरेली जाना था। अब जाम होने के चलते काफी दिक्कत हो रही है।
- वीर सिंह यादव, विक्रमपुर चकोरा, निगोही।
हुलासनगरा रेलवे फाटक पर आए दिन कोई न कोई समस्या बनी रहती है। वर्षों से शासन एवं प्रशासन इस समस्या का कोई स्थाई हल नहीं निकल पाया है। जिससे वाहन चालकों को काफी दिक्कत होती है।
- अनवर बेग, मेरठ
आए दिन हुलासनगरा रेलवे फाटक पर जाम लगता है। फिर कार्य किए जाने की बात पता कर आवागमन बंद कर दिया जाता है। इस बात की कोई जानकारी नहीं थी। अब भारी समस्या हो रही है। - सुरेश, ग्राम बरबर, लखीमपुर खीरी
शासन को हुलासनगरा रेलवे फाटक पर जाम की समस्या पर ध्यान देना चाहिए। आए दिन इसमें बसें, ट्रक, एंबुलेंस आदि फंस जाती हैं। इससे लोगों का समय बर्बाद होता है। - मुन्ना, मोहम्मदी, खीरी