शाहजहांपुर। काबुल में फंसे जीत बहादुर के स्वदेश लौटने पर परिजन और नजदीकी बेहद खुश हैं। रविवार को वह दिल्ली एयरपोर्ट पहुंच गए। सोमवार को वह शहर से सटे चिनौर स्थित अपने घर आ जाएंगे। इसकी जानकारी मिलने से जीत बहादुर के घर में खुशियों का माहौल है। बहनों का कहना है कि भाई घर लौट रहे हैं, उन्हें यह रक्षाबंधन पर सबसे बड़ा तोहफा है।
चिनौर की मालाराम कॉलोनी निवासी धनदेवी के बेटे जीत बहादुर काबुल की एक फैक्ट्री में काम करते थे। वहां इन दिनों तालिबानियों ने कब्जा कर रखा है, और गोलीबारी की घटनाएं हो रही हैं। बिगड़े हालातों को काबू में ला पाना मुश्किल हो रहा है। ऐसे में वहां से लोग सुरक्षित स्थान पर पलायन कर रहे हैं। इन्हीं लोगों में जीत बहादुर सिंह भी शामिल थे। उनकी सुरक्षा को लेकर परिजन बेहद परेशान थे। अमेरिकी सेना ने उनको सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। तब उन्होंने अपने परिवार वालों से संपर्क किया था।
रविवार को वह दिल्ली एयरपोर्ट पहुंच गए। जहां उनकी जरूरी जांचे और आवश्यक प्रक्रियाओं को पूरा करने के लिए रोका गया है। जीत बहादुर की बहन संतोषी ने बताया कि उनका भाई मंगलवार को घर लौट आएगा। भाई के संकट में होने की वजह से रविवार को उन्होंने रक्षाबंधन भी नहीं मनाया। सोमवार को भाई के घर लौटने पर रक्षाबंधन मनाएंगे।