मीरानपुर कटरा (शाहजहांपुर)। लखनऊ-दिल्ली नेशनल हाईवे स्थित हुलासनगरा रेलवे फाटक पर जाम की समस्या से निजात नहीं मिल पा रही है। मंगलवार रात करीब नौ बजे हुलासनगरा फाटक के पास सामान भरे ट्रक का पहिया गड्ढे में फंसा तो कुछ ही देर में दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इसके बाद नेशनल हाईवे पर राहगीरों को पूरी रात जाम से जूझना पड़ा। जाम की वजह से बुधवार सुबह दस बजे तक वाहन रेंगते रहे।
हुलासनगरा रेलवे फाटक पर जाम लगने की समस्या करीब डेढ़ दशक पुरानी होने के साथ जटिल हो चुकी है। यहां कभी नेशनल हाईवे पर ट्रक खराब होने से जाम लग जाता है तो कभी जल्दी-जल्दी ट्रेनों के गुजरने के कारण बार-बार फाटक बंद किए जाने की वजह से वाहनों के चक्के थम जाते हैं। वर्तमान में रेलवे क्रासिंग के दोनों साइड में सड़क का सीना काफी बड़े-बड़े गड्ढों से छलनी हो चुका है। इस वजह से आए दिन जाम की समस्या खड़ी हो रही है। मंगलवार को रात करीब नौ बजे ऐसे ही एक गड्ढे में वाहन फंसा तो कुछ ही देर में दोनों ओर करीब दो किमी लंबा जाम लग गया।
जाम में फंसे हल्के वाहनों को उनके चालक दूसरे रास्तों से होकर निकल गए, लेकिन ट्रक और बस चालकों को पूरी रात जाम से जूझना पड़ा। हालांकि, बीच-बीच में ट्रेन गुजरने पर फाटक खुलता रहा, लेकिन जब तक कुछ वाहन आगे निकल पाते, क्रॉसिंग फिर बंद हो जाती थी। इस वजह से क्रॉसिंग के दोनों ओर करीब 12 घंटे से ज्यादा समय तक जाम के हालात बने रहे। सुबह दस बजे के बाद क्रॉसिंग पर वाहनों का दबाव थोड़ा कम होने पर हाईवे पर आवागमन सुचारु हो सका।
बारिश में बार-बार उखड़ रहे गड्ढे
हुलासनगरा क्रॉसिंग पर गड्ढे भरे जाने का काम गत एक वर्ष से जारी है। गत मई माह में मानसून सीजन शुरू होने से पहले क्रॉसिंग के दोनों ओर बजरी-कोलतार से गड्ढे भरकर सड़क को वाहनों के रफ्तार भरने लायक बनाया गया, लेकिन गड्ढों को भरने में गुणवत्ता की अनदेखी किए जाने से उनका बजरी-कोलतार मामूली बरसात में उखड़ रहा है। यही वजह है कि क्रॉसिंग पर जाम लगना रोजमर्रा की समस्या बन गई है।
वाहन की टक्कर से किशोर घायल
जाम में फंसे वाहन चालकों को पानी और नमकीन के पाउच बेंच रहे किशोर को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार कर घायल कर दिया। गांव हुलासनगरा सोनू (15) मंगलवार की रात हुलासनगरा क्रॉसिंग पर जाम में फंसे वाहन चालकों को पानी और नमकीन बेंच रहा था। बुधवार सुबह तड़के करीब तीन बजे किसी वाहन के चालक ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए बरेली ले जाया गया है। टक्कर मारने वाले वाहन और उसके चालक का अभी पता नहीं चल सका है।
हाईवे को फोरलेन बनाने के लिए एनएचएआई की कार्यदायी संस्थाएं हुलासनगरा क्रॉसिंग पर बराबर निर्माण कार्य में लगी हुई हैं। जाम की समस्या दूर करने के लिए पुल के एक ओर सर्विस रोड का नवीनीकरण किया जा चुका है। क्रॉसिंग पर गड्ढे ठीक कराने के लिए सीधे एनएचएआई के अधिकारियों से वार्ता कर उन्हें जरूरी दिशा निर्देश दिए जा रहे हैं। - सुरेंद्र सिंह, एसडीएम तिलहर