शाहजहांपुर। आंदोलन कर रहे 13 एंबुलेंस कर्मियों को बर्खास्त कर दिया गया है। कार्यदायी संस्था की ओर से भेजा गया इस आशय का पत्र बुधवार को यहां मिला, जिससे अन्य कर्मियों में गुस्सा फैल गया।
इससे पहले जीवनदायिनी स्वास्थ्य विभाग 108, 102 एंबुलेंस कर्मचारी संघ की मंगलवार को रात में प्रशासन से वार्ता हुई। एडीएम प्रशासन, एसपी सिटी, सीएमओ ने पुलिस चौकी अजीजगंज में संगठन के शिष्टमंडल की समस्याओं को सुना और मरीजों के स्वास्थ्य सुविधाओं का हवाला देते हुए सभी सरकारी एंबुलेंस को वापस काम पर दिए जाने के लिए कहा। इस पर सभी चालक वहां से हट गए।
मंगलवार रात एडीएम प्रशासन रामसेवक द्विवेदी, एसपी सिटी संजय कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एसपी गौतम पुलिस चौकी अजीजगंज पहुंचे। यहां उन्होंने संगठन के पांच पदाधिकारियों को वार्ता के लिए बुलाया। इस दौरान प्रशासन ने पक्ष रखा कि एंबुलेंस न चलने से मरीजों को दिक्कत हो रही है। ऐसे में गंभीर समस्या उत्पन्न हो सकती है। संगठन के शिष्टमंडल ने भी प्रांतीय नेतृत्व का हवाला दिया और वहां से दिशा-निर्देश प्राप्त होने पर ही धरना समाप्त करने की बात कही। काफी जद्दोजहद के बाद एंबुलेंस सौंपे जाने पर बात बन गई। धरना दे रहे एंबुलेंसकर्मी बरेली मोड़ स्थित मोदी मैदान से हट गए।
बुधवार को सुबह कार्यदायी संस्था जीवीके आईएमआरआई उत्तर प्रदेश के एचआर हेड लिंगराज दास की ओर से पायलट सिकंदर खान, राकेश कुमार, सौरभ गुप्ता, मनोज कुमार, देवेंद्र कुमार, मनदीप सिंह, ईएमटी सुधीर कुमार सिंह, आशुतोष सिंह, अनुभव गुप्ता, सुरेंद्रप्रताप, जितेंद्र पाल, राज कपूर कुशवाहा, राकेश सिंह को बर्खास्त करने संबंधी पत्र आने से एंबुलेंसकर्मियों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने राजकीय मेडिकल कॉलेज प्रांगण में धरना दिया।
--
बरेली मोड़ स्थित मोदी मैदान में धरना दे रहे एंबुलेंस कर्मचारियों के शिष्टमंडल से वार्ता की गई थी। मरीजों की समस्या के दृष्टिगत सभी एंबुलेंस काम पर बुला ली गईं हैं। कर्मचारियों की बर्खास्तगी के संबंध में कोई जानकारी नहीं है।
-रामसेवक द्विवेदी, एडीएम प्रशासन, शाहजहांपुर
-
प्रशासन से वार्ता के बाद एंबुलेंस को सुपुर्द कर दिया गया है। कार्यदायी संस्था द्वारा भेजे गए बर्खास्तगी पत्र के संबंध में प्रदेश अध्यक्ष को अवगत करा दिया गया है। अब लखनऊ में आर-पार की लड़ाई लड़ी जाएगी। सभी एंबुलेंसकर्मी लखनऊ कूच करेंगे।
-सुधीर यादव, जिला महामंत्री, जीवनदायिनी स्वास्थ्य विभाग 108-102 एंबुलेंस कर्मचारी संघ
-
जिले में 74 एंबुलेंस चल रहीं हैं। हड़ताल में 16 एंबुलेंस खड़ी हुई हैं। काम प्रभावित नहीं हो रहा है क्योंकि सूचना मिलने पर अन्य एंबुलेंस मौके पर पहुंचती है।
-डॉ. एसपी गौतम, सीएमओ