तिलहर में हादसे के बाद क्षतिग्रस्स्त कार। स्रोत: पुलिस
तिलहर (शाहजहांपुर)। बरेली-शाहजहांपुर हाईवे पर नगरिया चौकी के पास शुक्रवार रात करीब 8:15 बजे खड़े ट्रक में कार घुसने से दो वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। हादसे में बैंक मैनेजर, उनकी पत्नी समेत पांच लोग घायल हो गए। सभी घायलों का निजी मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है।
सीतापुर जिले के मानपुर थाना क्षेत्र के भुईयां कलां गांव निवासी कृपाशंकर वर्मा लखनऊ स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में मैनेजर हैं। शुक्रवार को वह पत्नी पूनम, बेटियों नेहा, रश्मिका और रश्मि तथा बेटे दिव्यांश के साथ कार से बरेली से लखनऊ जा रहे थे। नगरिया चौकी के पास हाईवे किनारे एक्सल टूटने के कारण खड़े ट्रक में उनकी कार पीछे से जा घुसी।
हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने राहगीरों की मदद से कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला और निजी मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। उपचार के दौरान दो वर्षीय रश्मिका की मौत हो गई। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है।
हादसे के बाद हाईवे पर करीब 15 मिनट तक जाम की स्थिति बनी रही। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को सड़क किनारे कराकर यातायात सुचारु कराया। सीओ विदुष सक्सेना ने बताया कि हादसे में बच्ची की मौत हुई है और पांच लोग घायल हैं। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
तिलहर में हादसे के बाद क्षतिग्रस्स्त कार। स्रोत: पुलिस