खुटार के गांव चमराबोझी में गोशाला का निरीक्षण करते एसडीएम सुशांत श्रीवास्तव।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
खुटार। एसडीएम सुशांत श्रीवास्तव ने मंगलवार को गांव सिमरा वीरान स्थित राजकीय गोसदन और गांव चमराबोझी में गोशाला का निरीक्षण किया। उन्होंने गोसदन में खुले में खड़े मिले 16 बछड़ों को बाउंड्रीवॉल के अंदर रखने के निर्देश दिए। उन्हें जंगली कुत्तों के हमले से घायल बछड़े वहां मिले।
मंगलवार दोपहर बाद एसडीएम सुशांत श्रीवास्तव निरीक्षण करने गांव सिमरा वीरान स्थित राजकीय गोसदन पहुंचे। ग्वालों ने एसडीएम को बताया कि गोसदन में 179 पशु हैं। एसडीएम को 16 बछड़े खुले में खड़े मिले। ग्वालों ने बताया कि ये बछड़े खुले में ही रहते हैं। एसडीएम ने कई बछड़ों को घायल देख जानकारी ली तो पता लगा कि जंगली कुत्तों के हमले में बछड़े घायल हो जाते हैं। एसडीएम ने निर्देश दिए कि बछड़ों को गोकुल ग्राम की बिल्डिंग के अंदर रखा जाए।
एसडीएम ने बताया कि पशुओं के लिए चारे और पानी की कोई कमी नहीं पाई गई। एसडीएम गांव चमराबोझी स्थित गोशाला पहुंचे। यहां एसडीएम को 26 पशु मिले। ग्वालों ने बताया गया कि हरा चारा खत्म हो गया है। इस कारण पशुओं को भूसा दिया जा रहा है। एसडीएम ने पशुओं के लिए हरे चारे की व्यवस्था जल्द करने के निर्देश दिए हैं।