तिलहर बाईपास चौराहे पर निर्माणाधीन और वृक्ष के नीचे खड़ी रोडवेज की बस। संवाद
- फोटो : SHAHJAHANPUR
तिलहर (शाहजहांपुर)। रोडवेज की अनुबंधित बस को पुवायां से बरेली ले जा रहे चालक की फोन पर किसी से कहासुनी हो गई तो वह बस को हाईवे के ओवरब्रिज के नीचे खड़ी करके चला गया। लगभग डेढ़ घंटे तक बस खड़ी रही तो यात्रियों ने हंगामा किया। बाद में परिचालक ने यात्रियों को दूसरी बस से बरेली के लिए रवाना किया। बाद में दूसरा चालक बस को ले गया।
बुधवार सुबह शाहजहांपुर डिपो की बस (यूपी 27 एटी 7669) पुवायां से बरेली के लिए जा रही थी। बस में 67 यात्री सवार थे। परिचालक विजय कुमार मिश्रा ने बताया कि तिलहर के पास चालक उमेश के पास उनके घर से फोन आया और किसी बात पर झगड़ा होने लगा। इससे परेशान उमेश ने बस तिलहर हाईवे चौराहे पर ओवरब्रिज के नीचे खड़ी कर दी। बस आगे ले जाने से मना कर वह घर चला गया।
परिचालक के मुताबिक उन्होंने अधिकारियों को सूचना दी और दूसरा चालक भेजने को कहा। करीब डेढ़ घंटे तक जब दूसरा चालक नहीं आया तो यात्रियों ने हंगामा कर दिया। इसके बाद परिचालक विजय मिश्रा ने यात्रियों को दूसरी बसों से बरेली के लिए रवाना किया। काफी देर बाद शाहजहांपुर से चालक आने के बाद बस को बरेली ले जाया गया। एआरएम एसके वर्मा ने बताया कि मामले की जांच कर संबंधित चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।