शाहजहांपुर। सीवर लाइन बिछाने के लिए खोदाई के दौरान भारद्वाजी कॉलोनी में पेयजल आपूर्ति की पाइपलाइन टूट गई। इससे सड़क पर खोदे गए गड्ढे में पानी भर गया। पानी का बहाव रोकने के लिए जलापूर्ति बंद करनी पड़ी तो घरों तक पानी नहीं पहुंचा। मोहल्ले के लोग पानी को तरस गए। क्षेत्र की दुकानों के सामने खोदाई होने से दुकानदारों का व्यापार भी चौपट हो गया है।
शहर में सीवर की लाइन बिछाने का काम किया जा रहा है। दो दिन पहले भारद्वाजी कॉलोनी में खोदाई शुरू हुई। कुछ जगह पर खोदाई कर सीवर लाइन बिछा दी गई। शुक्रवार को मजदूरों ने आगे की सड़क खोदना शुरू किया तो दुर्गा माता मंदिर की गली से पहले ही पानी की पाइपलाइन फट गई। इससे कुछ ही देर में सीवर लाइन डालने को खोदा गया कई फुट गहरा गड्ढा पानी से भर गया। जैसे-तैसे पाइप को बंद कर पानी का बहाव तो रोक दिया, लेकिन इलाके में पानी की आपूर्ति बाधित हो गई। दिन भर स्थानीय लोगों को पानी के लिए परेशान होना पड़ा। पानी भरने के कारण गड्ढा खुला छोड़ दिया और आगे की सड़क खोदकर डाल दी। दुकानों के सामने खोदाई होने से दुकानदारी ही बंद हो गई। ग्राहक दुकान तक नहीं पहुंच पा रहे हैं।
सीवर बिछाने के लिए खोदाई के दौरान ध्यान नहीं दिया गया। इससे पेयजल आपूर्ति की लाइन टूट गई है। इसकी वजह से कॉलोनी में एक हजार घरों में सुबह से पानी नहीं पहुंचा है। - राजकुमार
जलापूर्ति वाली पाइप फूटने से सड़क पर खोदे गए गड्ढे में पानी भर गया है। इसमें गिरकर लोगों के चोटिल होने का खतरा बना हुआ है। सबसे पहले पानी को निकलवाना चाहिए। - कालीचंद्र
प्रतिष्ठान के सामने की सड़क को खोदकर डाल दिया गया है। इससे आने-जाने का रास्ता ही बंद हो गया है। सुबह से ग्राहक ही नहीं आ पा रहे। काम धंधा सब चौपट हो गया है। - मनोज कुमार, फास्ट फूड कॉर्नर संचालक
होली का त्योहार नजदीक है, बाजार में लोगों खरीदारी के लिए आते हैं। लेकिन पिछले दो दिनों से सीवर बिछाने को सड़क खोदी जा रही है, जिससे उनकी दुकानदारी पर असर पड़ रहा है। - सुरेश चंद्र, बताशा विक्रेता
जल निगम की सूचना पर गांधी पार्क वाले ट्यूबवेल से पानी सप्लाई बंद कर दी गई है। दूसरे ट्यूबवेल से भारद्वाजी कॉलोनी में पानी की आपूर्ति शुरू की जाएगी। टूटी लाइन को सही करवा दिया जाएगा। - उमेश कुमार, जेई, जलकल अनुभाग, नगर निगम
निर्माण कार्य के दौरान पानी की सप्लाई लाइन टूटने की वजह से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मरम्मत करा दी जाएगी। भविष्य में ऐसी दिक्कत न हो, इसलिए कर्मचारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। - सुनील कुमार, एक्सईएन, जल निगम
शाहजहांपुर की भारद्वाजी कॉलोनी में सड़क की खोदाई करते मजदूर। संवाद- फोटो : SHAHJAHANPUR